राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में हुए सनसनीखेज विष्णु यादव हत्याकांड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बेहद चौंकाने वाले और खौफनाक खुलासे हुए हैं. अपनी मर्जी से विवाह (लव मैरिज) करने वाली साक्षी सिंह के पति विष्णु यादव को उनके ही ससुराल में बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया. विष्णु यादव के शरीर पर कुल 20 गंभीर चोटें पाई गई हैं. इन 20 चोटों में से 16 चोटें सिर्फ सिर पर थीं, जिससे सिर की हड्डियां पूरी तरह टूट गई थीं.
ADVERTISEMENT
लकड़ी के भारी पट्टों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार किए गए. चेहरे और गर्दन पर भी गहरे घाव मिले हैं. अत्यधिक खून बहने (Hemorrhage) और सिर की गंभीर चोटों के कारण विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई.
पत्नी साक्षी सिंह के सामने वारदात
आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले साक्षी के हाथ-पैर बांध दिए और उसका मुंह बंद कर उसे कमरे में कैद कर दिया ताकि वह अपने पति को बचा न सके. साक्षी ने अपनी आंखों के सामने अपने पिता, मां और बहनों को अपने पति की हत्या करते देखा. जब पुलिस पहुंची, तो साक्षी घायल अवस्था में बंधी हुई मिली.
रंजिश की वजह: लव मैरिज
साक्षी और विष्णु ने लगभग 4 साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था, जिससे साक्षी का परिवार बेहद नाराज था. ससुर तीर्थराज सिंह ने 2021 में विष्णु पर एससी/एसटी एक्ट का केस किया था और 2024 में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें विष्णु जेल भी गया था. 17 मार्च 2026 को शादी के बाद पहली बार विष्णु अपनी पत्नी और 2 साल की बच्ची के साथ ससुराल पहुंचा था, जहां योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी गई.
पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें ससुर तीर्थराज सिंह, सास सरोज देवी और उनकी चार बेटियां शामिल हैं. मौके से खून से सने लकड़ी के पट्टे और लोहे की रॉड बरामद कर ली गई है.
ADVERTISEMENT









