दामाद विष्णु यादव के मर्डर के बाद ससुर ने पुलिस को गेट पर रोका, अंदर पति के शव को देख चींखती रही पत्नी

लखनऊ में लव मैरेज के बाद विष्णु यादव की हत्या का खौफनाक मामला. पुलिस ने सात आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है. परिवार ने दरवाजा खोलने से मना किया था.

यूपी तक

• 01:06 PM • 19 Mar 2026

follow google news

Vishnu Yadav Murder Case: लखनऊ का आशियाना इलाका उस वक्त दहल उठा जब पुलिस को सूचना मिली कि एक घर के अंदर मर्डर हुआ है. मौके पर पहुंची पुलिस जब दरवाजा खुलवाने की कोशिश करती है तो आरोपी ससुर तीर्थराज सिंह उसे पारिवारिक मामला बताकर टालने की कोशिश करता है. पुलिस और आरोपी के बीच काफी देर तक बहस होती रही.लेकिन जब पुलिस जबरन घर के अंदर दाखिल हुई तो सामने जो मंजर था उसने सबको सुन्न कर दिया. अंदर 4 साल पहले लव मैरिज करने वाले विष्णु यादव का शव पड़ा था और उनकी पत्नी साक्षी सिंह अपने ही पिता और परिवार के खिलाफ चीख-चीखकर गवाही दे रही थी. इस खौफनाक घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें...

साहब आपसी मामला है, मत खोलिए गेट

वायरल वीडियो में आरोपी ससुर तीर्थराज सिंह पुलिस से हाथ जोड़कर विनती करता दिख रहा है कि वे अंदर न आएं. पुलिस जब कहती है कि मर्डर की सूचना है, तो वह इसे मामूली लड़ाई बताकर गुमराह करता है. वह कहता है कि 'गुरु जी मेरी बेइज्जती न कराइए हम अंदर देख लेंगे.' लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उसकी एक न चली और जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो सच सामने आ गया.

'मेरे पति को मार डाला, किसी को नहीं छोड़ूंगी'

जैसे ही पुलिस अंदर घुसती है, विष्णु की पत्नी साक्षी सिंह बदहवास हालत में मिलती है. वह रोते हुए चिल्लाती है 'मेरे पति को मार डाले. अगर मेरे पति को होश नहीं आया तो मैं अपने बाप और बहन दोनों को जेल भिजवाऊंगी.' साक्षी के ये शब्द साफ बताते हैं कि उसके अपने ही परिवार ने उसके सुहाग को उजाड़ दिया.

लव मैरिज की सजा और खूनी अंत

प्रतापगढ़ का रहने वाला विष्णु यादव 17 मार्च की रात करीब 9 बजे अपनी पत्नी और 2 साल की मासूम बच्ची के साथ पहली बार ससुराल पहुंचा था. लगभग 4 साल पहले साक्षी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर विष्णु से शादी की थी जिससे ससुर तीर्थराज बेहद नाराज था. बातचीत के दौरान शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि ससुराल वालों ने मिलकर विष्णु के सिर पर वार कर उसकी जान ले ली.

7 आरोपी हिरासत में, फॉरेंसिक टीम कर रही जांच

विष्णु के पिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुर तीर्थराज, सास, चार सालियों और चाचा समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मौके से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और चश्मदीद पत्नी साक्षी सिंह के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि कोर्ट में पुख्ता पैरवी की जा सके.