Lucknow Crime News:प्रतापगढ़ का रहने वाला विष्णु यादव जिसने 4 साल पहले समाज और परिवार की परवाह किए बिना साक्षी सिंह से लव मैरिज की थी. उसे क्या पता था कि पहली बार ससुराल जाना उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा. 17 मार्च की रात जब विष्णु अपनी पत्नी और 2 साल की मासूम बच्ची के साथ लखनऊ स्थित ससुराल पहुंचा तो वहां स्वागत के बजाय मौत उसका इंतजार कर रही थी. आरोप है कि ससुर तीर्थराज सिंह जो खुद को अधिवक्ता बताता है और इलाके में अपनी दबंगई के लिए जाना जाता है ने अपने परिवार के साथ मिलकर विष्णु को मौत के घाट उतार दिया. यह पूरी वारदात विष्णु की पत्नी साक्षी के सामने हुई जिसने अपनों के खिलाफ जाकर विष्णु का हाथ थामा था.
ADVERTISEMENT
शादी के बाद से ही बदला लेने की फिराक में था ससुर
विष्णु और साक्षी की लव मैरिज से ससुर तीर्थराज सिंह बेहद नाराज था. आरोप है कि उसने दामाद को फंसाने के लिए पहले एससी-एसटी (SC/ST) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया.इसके बाद साल 2024 में उसने अपनी दूसरी नाबालिग बेटी (विष्णु की साली) के अपहरण का झूठा आरोप लगाकर विष्णु पर केस दर्ज कराया जिसकी वजह से विष्णु को जेल भी जाना पड़ा था.
ससुराल में पहली मुलाकात और खूनी संघर्ष
जमानत पर बाहर आने के बाद 17 मार्च की रात करीब 9 बजे विष्णु सुलह और बातचीत के इरादे से पहली बार ससुराल पहुंचा था. लेकिन बातचीत के दौरान ही तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. आरोप है कि ससुर, सास, चार सालियों और चाचा ने मिलकर विष्णु पर हमला कर दिया. उनके सिर पर गंभीर वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
आरोपी ससुर का 'पावरफुल' बैकग्राउंड और दबंगई
आरोपी ससुर तीर्थराज सिंह के बारे में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.बताया जा रहा है कि वह जिस मकान में पिछले 10 सालों से किराए पर रह रहा था. वह एक अधिकारी का घर है और उस पर उसने अवैध कब्जा कर रखा है. मोहल्ले के लोग भी इस परिवार के व्यवहार से त्रस्त थे. मृतक के पिता का आरोप है कि तीर्थराज लगातार उनके बेटे को जान से मारने की धमकियां दे रहा था.
पुलिस की कार्रवाई और 7 आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. मृतक के पिता की तहरीर पर ससुर, सास, चार सालियों और चाचा समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं चश्मदीद पत्नी साक्षी सिंह की काउंसलिंग की जा रही है ताकि उस रात बंद कमरे में हुए घटनाक्रम का सच सामने आ सके.
ADVERTISEMENT









