यह कहानी भरोसे के कत्ल और एक रसूखदार डॉक्टर की काली करतूतों की है. मुजफ्फरनगर की एक युवती ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर सुलेमान और उनकी पत्नी आबिदा ने उसे अपने घर में मदद के बहाने काम पर रखा. लेकिन उनकी नीयत कुछ और ही थी. युवती के मुताबिक, इलाज के नाम पर उसे बेहोश किया गया और फिर उसकी गरिमा के साथ खिलवाड़ कर उसकी अश्लील वीडियो बना ली गई. पिछले 14 महीनों से वीडियो वायरल करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उसका लगातार शारीरिक और मानसिक शोषण किया जा रहा था. जब पुलिस ने शुरू में कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़िता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी आपबीती सुनाई और इंसाफ न मिलने पर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी दी जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है.
ADVERTISEMENT
अपनेपन का ढोंग और खौफनाक साजिश
युवती का कहना है कि डॉक्टर और उनकी पत्नी अक्सर उनके घर आते थे और उसकी मां को भरोसा दिलाकर उसे अपने घर काम पर बुला लिया. एक दिन जब युवती की तबीयत खराब हुई तो डॉक्टर सुलेमान ने उसे एक इंजेक्शन लगाया और ऊपर कमरे में आराम करने को कहा. आरोप है कि इंजेक्शन के बाद वह बेहोश हो गई और जब उसे होश आया तो उसने खुद को आपत्तिजनक स्थिति में पाया.
वीडियो के जरिए 14 महीने तक ब्लैकमेलिंग
होश में आने पर जब युवती ने विरोध किया तो डॉक्टर ने उसे मोबाइल में रिकॉर्ड की गई उसकी अश्लील वीडियो दिखाई. धमकी दी गई कि अगर उसने मुंह खोला तो वीडियो वायरल कर दी जाएगी और उसके पिता (जो उस वक्त विदेश में थे) को भी मरवा दिया जाएगा. इसी डर के कारण युवती महीनों तक चुपचाप जुल्म सहती रही. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी.
पिता के लौटते ही जुटाया साहस
हाल ही में जब युवती के पिता विदेश से वापस लौटे तो उसने हिम्मत जुटाकर उन्हें सब कुछ बता दिया. पिता उसे लेकर थाने पहुंचे. लेकिन आरोप है कि पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेने के कुछ ही घंटों बाद छोड़ दिया. सिस्टम की इस अनदेखी से परेशान होकर युवती ने वीडियो वायरल कर इंसाफ की गुहार लगाई.
पुलिस की कार्रवाई और पैनल का गठन
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस हरकत में आई है. कोतवाली नगर क्षेत्र की इस शिकायत की जांच के लिए एक विशेष पैनल का गठन किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके पर जाकर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरोपी डॉक्टर फरार बताया जा रहा है.
ADVERTISEMENT









