देवरिया के बघौचघाट थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गांव की एक युवती ऊंची मोबाइल टावर के शिखर पर जा बैठी. मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा था. युवती का आरोप था कि गांव के ही एक युवक के साथ उसका पिछले 3 वर्षों से अफेयर चल रहा है. लेकिन युवक के शादीशुदा होने के कारण उनके रिश्ते में अड़चनें आ रही थीं.अपनी मांग मनवाने और प्रेमी से तुरंत शादी करने के लिए युवती ने मौत की परवाह किए बिना टावर को अपना विरोध स्थल चुन लिया. नीचे खड़े गांव वाले और पुलिस तमाशबीन बने रहे.जबकि युवती ऊपर से चिल्लाकर अपने प्रेमी को बुलाने की मांग करती रही.
ADVERTISEMENT
शादीशुदा प्रेमी और 3 साल का इंतजार
जानकारी के मुताबिक, युवती और उसके प्रेमी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे.युवती इस बात से वाकिफ थी कि प्रेमी पहले से शादीशुदा है.लेकिन वह किसी भी कीमत पर उसे छोड़ने को तैयार नहीं थी. जब युवक ने शादी से आनाकानी की तो प्रेमिका ने विरोध का यह खतरनाक रास्ता अपनाया और गांव के टावर पर चढ़ गई.
पुलिस और ग्रामीणों के बीच घंटों चला 'सस्पेंस'
जैसे ही युवती टावर पर चढ़ी, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. बघौचघाट थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और लाउडस्पीकर के जरिए युवती को नीचे उतरने की मिन्नतें कीं. लेकिन युवती अपनी जिद पर कायम रही. उसने साफ कह दिया कि जब तक उसका प्रेमी वहां नहीं आएगा और शादी का वादा नहीं करेगा, वह नीचे नहीं उतरेगी.
प्रेमी के पहुंचते ही खत्म हुआ ड्रामा
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने युवक को तलाश कर मौके पर बुलाया. जैसे ही प्रेमी टावर के नीचे खड़ा हुआ और पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का आश्वासन दिया. युवती धीरे-धीरे नीचे उतर आई. युवती के नीचे उतरते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.
काउंसलिंग और पुलिस की चेतावनी
नीचे उतरने के बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई जहां उनकी लंबी काउंसलिंग की गई. पुलिस ने युवती को अपनी जान जोखिम में डालने और इस तरह के सार्वजनिक हंगामे के कानूनी परिणामों के बारे में समझाया. अधिकारियों ने दोनों पक्षों को भविष्य में ऐसी खतरनाक हरकत न करने की सख्त हिदायत देकर घर भेज दिया.
ADVERTISEMENT









