लखनऊ के आशियाना सेक्टर-1 में 17 मार्च की रात नफरत और खून का वो खेल खेला गया जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया. प्रतापगढ़ के रहने वाले 30 वर्षीय विष्णु यादव ने 4 साल पहले साक्षी सिंह से लव मैरिज की थी. इस रिश्ते से साक्षी का परिवार बेहद नाराज था. मंगलवार रात जब विष्णु अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ पहली बार ससुराल कदम रखा तो किसी ने नहीं सोचा था कि वह यहां से जिंदा वापस नहीं निकलेगा. आरोप है कि ससुर तीर्थराज सिंह और उनकी बेटियों (विष्णु की सालियों) ने मिलकर चारपाई के पाए से वार कर विष्णु की बेरहमी से हत्या कर दी. मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
4 साल पुरानी नफरत का खूनी अंजाम
विष्णु यादव और साक्षी सिंह ने साल 2022 में परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था. साक्षी के पिता तीर्थराज सिंह, जो पेशे से अधिवक्ता बताए जा रहे हैं. इस शादी के सख्त खिलाफ थे. 4 साल बीत जाने और एक पोती होने के बावजूद ससुर के दिल में नफरत की आग ठंडी नहीं हुई थी. पहली बार जब दामाद घर आया, तो पुरानी कड़वाहट बहस में बदली और फिर ससुर व सालियों ने मिलकर हमला कर दिया.
चारपाई के पाए से किया हमला, पत्नी देखती रही मंजर
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, विष्णु पर हमला करने के लिए घर में रखी चारपाई के लकड़ी के पाए का इस्तेमाल किया गया. सिर पर गंभीर चोट (Head Injury) लगने के कारण विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि पत्नी साक्षी ने बीच-बचाव की बहुत कोशिश की. लेकिन वह अपने पिता और बहनों के जुनून के आगे बेबस रही. 2 साल की मासूम बच्ची के सामने ही उसके पिता को मौत की नींद सुला दिया गया.
पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही आशियाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी ससुर तीर्थराज सिंह और उनकी चार बेटियों को हिरासत में ले लिया है. फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से खून से सने कपड़े और हमला करने वाला हथियार बरामद कर लिया है. पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने दामाद को पहली बार ही वहां देखा था और यह परिवार पिछले 10-12 साल से यहां किराए पर रह रहा था.
क्या प्रेम विवाह की सजा सिर्फ मौत है?
यह घटना आधुनिक समाज के उस चेहरे को उजागर करती है जहां आज भी प्रेम को अपराध माना जाता है. 4 साल बाद भी ससुर का गुस्सा इस कदर हावी था कि उसे अपनी मासूम पोती के भविष्य की भी चिंता नहीं हुई. पुलिस अब इस मामले में हत्या की धाराओं के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.
ADVERTISEMENT









