HPCL प्लांट के AGM हर्षित मिश्रा की अजय सिंह ने की थी हत्या... मृतक की मां ने बिलखते हुए जो कहा उसे सुन हिल जाएंगे

UP Crime News: एचपीसीएल एथेनॉल प्लांट में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में डिप्टी जनरल मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता और असिस्टेंट जनरल मैनेजर हर्षित मिश्रा की मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि हर्षित ने पहले ही अपनी जान को खतरा बताया था, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की.

यूपी तक

• 12:24 PM • 13 Mar 2026

follow google news

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक भयावह और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. एचपीसीएल एथेनॉल प्लांट में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में दो वरिष्ठ अधिकारियों की निर्मम हत्या कर दी गई. मृतकों में डिप्टी जनरल मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता और असिस्टेंट जनरल मैनेजर हर्षित मिश्रा शामिल हैं. इस घटना ने कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर दिया. हत्या की खबर सुनते ही परिजनों में गहरा शोक और आक्रोश देखने को मिला. खासकर हर्षित मिश्रा की मां रानी देवी का दर्द और रोष कैमरे पर स्पष्ट रूप से झलक रहा था. उन्होंने बार-बार यह सवाल उठाया है कि अगर प्रशासन समय रहते उनकी चेतावनी पर ध्यान देता तो शायद उनका बेटा आज जिंदा होता. 

यह भी पढ़ें...

दिनदहाड़े हुई गोलीबारी

सूत्रों के अनुसार, रविवार को बदायूं के एचपीसीएल एथेनॉल प्लांट में अचानक गोलीबारी हुई. इस हमले में डिप्टी जनरल मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता और असिस्टेंट जनरल मैनेजर हर्षित मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. दोनों को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए लाया गया, जहां परिजनों और कर्मचारियों की भारी भीड़ जमा हो गई.

परिवार की चेतावनी और धमकियां

परिवार का कहना है कि हर्षित मिश्रा ने पहले भी कई बार प्रशासन के सामने अपनी जान को खतरे में होने की शिकायत की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू ने बार-बार धमकियां दी थीं और अपने गैंग का हवाला देकर उन्हें डरा और धमका रहा था.

मां का दर्द और प्रशासन पर सवाल

हर्षित मिश्रा की मां रानी देवी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने एसपी, डीएम और स्थानीय विधायक से कई बार मदद की गुहार लगाई थी लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. उनका कहना था कि अगर समय रहते उनकी बात सुनी जाती तो शायद आज उनका बेटा जिंदा होता. रानी देवी ने यह भी आरोप लगाया कि सुरक्षा व्यवस्था कमजोर थी और आरोपी अजय प्रताप सिंह हथियार लेकर प्लांट में घुस गया. उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि अगर पहले से खतरे की जानकारी थी तो प्लांट में सुरक्षा जांच क्यों नहीं की गई.

मुख्य आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों और अधिकारी सुरक्षा पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें: मोनालिसा के मुस्लिम देवर शमद ने अब उसके बारे में ये कैसी बातें बता दीं!