मुर्गी पालन के लिए यूपी सरकार दे रही 70 लाख तक का लोन, 7% ब्याज सब्सिडी और फ्री बिजली की सुविधा...यहां जानें डिटेल्स

यूपी तक

18 Mar 2026 (अपडेटेड: 18 Mar 2026, 03:00 PM)

UP Poultry Loan Scheme: उत्तर प्रदेश सरकार की कुक्कुट पालन कर्ज योजना 2025 के तहत मुर्गी पालन के लिए ₹10,000 से ₹70 लाख तक का लोन और 7% ब्याज सब्सिडी दी जा रही है. योजना का उद्देश्य लोगों को स्वरोजगार के अवसर देना और पोल्ट्री बिजनेस को बढ़ावा देना है.

Google CTA

UP Poultry Loan Scheme: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कुक्कुट पालन कर्ज योजना 2025 की शुरुआत की है. एक समय था जब मुर्गे की पहचान सिर्फ सुबह बांग देने तक सीमित थी लेकिन अब यही क्षेत्र लोगों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन चुका है. सरकार भी इस क्षेत्र को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाएं ला रही है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस व्यवसाय से जुड़ सकें और आत्मनिर्भर बनें. 

यह भी देखें...

इस योजना के तहत इच्छुक लाभार्थियों को मुर्गी पालन शुरू करने या अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है. योजना में ₹10,000 से ₹90,000 तक के छोटे फॉर्म से लेकर बड़े स्तर पर बैंक के माध्यम से ₹70 लाख तक का लोन उपलब्ध कराया जाता है. खास बात यह है कि इस लोन पर लगने वाले ब्याज का 7 प्रतिशत हिस्सा सरकार स्वयं वहन करती है, जिससे लाभार्थियों पर आर्थिक बोझ कम होता है. इसके अलावा, फॉर्म स्थापित करने के लिए कम से कम एक एकड़ जमीन होना जरूरी है और जमीन की खरीद पर स्टाम्प शुल्क में भी छूट दी जाती है.

पात्रता की बात करें तो आवेदन करने वाला व्यक्ति उत्तर प्रदेश का निवासी होना चाहिए और उसके पास जमीन का मालिकाना हक, बैंक खाता और वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य है. आवेदन के दौरान पहचान प्रमाण, पासपोर्ट साइज फोटो, एड्रेस प्रूफ, बैंक स्टेटमेंट और प्रोजेक्ट रिपोर्ट जैसे दस्तावेज जमा करने होंगे.  इस योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को पांच साल तक फॉर्म संचालन के लिए मुफ्त बिजली की सुविधा भी दी जाएगी, जिससे लागत में और कमी आएगी. इच्छुक उम्मीदवार अपने नजदीकी पशुपालन विभाग के कार्यालय में जाकर आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा, किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए 18001805141 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है. यह योजना उन लोगों के लिए खास अवसर लेकर आई है जो कम लागत में अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं या पहले से चल रहे काम को बड़े स्तर पर ले जाना चाहते हैं. सही योजना और सरकारी मदद के साथ कुक्कुट पालन अब एक फायदे का सौदा साबित हो सकता है.

यह भी पढ़ें: शादीशुदा प्रेमी के लिए टावर पर चढ़कर जोर-जोर से उसका नाम चिल्लाने लगी लड़की, फिर ये पता चला