गंगा नदी में बिरयानी खाकर फेंकी गईं हड्डियां? वाराणसी में इफ्तार पार्टी के बाद 14 लोग गिरफ्तार

वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी करने वाले 14 युवक गिरफ्तार. चिकन बिरयानी खाकर हड्डियां गंगा में फेंकने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई. हिंदूवादी संगठनों के विरोध के बाद कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा.

रोशन जायसवाल

• 12:28 PM • 18 Mar 2026

follow google news

मोक्षदायिनी गंगा की अविरल धारा के बीच नाव पर सवार होकर चिकन बिरयानी से इफ्तार करना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया. वाराणसी में गंगा की पवित्रता और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 14 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. मामला तब तूल पकड़ा जब इंस्टाग्राम पर एक वीडियो प्रसारित हुआ जिसमें युवक नाव पर दावत उड़ाते और कथित तौर पर हड्डियों के अवशेष नदी में फेंकते नजर आए. हिंदूवादी संगठनों के विरोध और तहरीर के बाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर यह बड़ी कार्रवाई की है.

यह भी पढ़ें...

गंगा के बीचों-बीच 'चिकन बिरयानी' वाली दावत?

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक नाव पर बैठकर इफ्तार कर रहे हैं. आरोप है कि इस दौरान वे चिकन बिरयानी खा रहे थे और खाने के बाद हड्डियों व अन्य अवशेषों को सीधे गंगा नदी में फेंक रहे थे. वाराणसी में गंगा को मां का दर्जा प्राप्त है और नदी में मांसाहार या गंदगी फैलाना वर्जित माना जाता है जिससे स्थानीय लोगों और संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया.

24 घंटे के भीतर 14 आरोपी गिरफ्तार

वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) और अन्य संगठनों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और गंगा की पवित्रता खंडित करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी. पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता और आगामी त्योहारों को देखते हुए तत्काल टीमें गठित कीं. वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान की गई और 24 घंटे के अंदर 14 युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने लाया गया.

पुलिस का बयान और विधिक कार्रवाई

कोतवाली पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को इंस्टाग्राम पर वीडियो प्रसारित होने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी गई. गिरफ्तार किए गए सभी 14 आरोपियों का चालान किया जा रहा है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है.

काशी में बढ़ा तनाव और सतर्कता

इस घटना के बाद वाराणसी के घाटों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी सूरत में गंगा की मर्यादा और शहर की सांप्रदायिक सद्भाव को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा. फिलहाल इस इफ्तार पार्टी के वीडियो को लेकर काशी के गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.