फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर एक भीषण विस्फोट (ब्लास्ट) हुआ है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. यह धमाका इतना जोरदार था कि घर की छत उड़ गई और खिड़की-दरवाजे पूरी तरह तहस-नहस हो गए. आपको बता दें कि फर्रुखाबाद शहर के कोतवाली क्षेत्र के बीचों-बीच पूर्व विधायक विजय सिंह का आवास है. यहां धमाका लगभग शाम के सवा पांच बजे (5:15 PM) हुआ. विस्फोट से घर की छत और दीवारों को भारी नुकसान पहुंचा है. मलबे और टूटे हुए कांच की चादरें चारों तरफ बिखर गईं. धमाके का असर आसपास के मकानों पर भी देखा गया.
ADVERTISEMENT
धमाके के वक्त घर में पूर्व विधायक का परिवार मौजूद था. इस घटना में विधायक के दो बेटों (विक्की और सिक्की) समेत कुल 5 से 6 लोग घायल हुए हैं. पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
धमाके का कारण
पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मकान के बेसमेंट में गैस बनने की वजह से यह विस्फोट हुआ होगा. वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते (BDS) को मौके पर बुलाया गया है. पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है.
आपको बता दें कि विजय सिंह समाजवादी पार्टी के टिकट पर फर्रुखाबाद सदर से विधायक रह चुके हैं. वर्तमान में वे 1997 में हुए बीजेपी के दिग्गज नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद वाराणसी जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं.
ADVERTISEMENT









