सोशल मीडिया पर अलीगढ़ के सरकारी स्कूल के बच्चों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चे कबाड़ (वेस्ट मटेरियल) से बने फाइटर जेट और आरसी प्लेन उड़ाते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो को देखकर लोग गलगोटिया यूनिवर्सिटी को ट्रोल कर रहे हैं और बच्चों के टैलेंट की तारीफ कर रहे हैं. असल में अलीगढ़ के कंपोजिट विद्यालय भिलावली (अकराबाद रोड) के कक्षा 4 से 8 तक के बच्चों ने एक फाइटर जेट का वर्किंग मॉडल बनाया है.
ADVERTISEMENT
इन बच्चों ने अपने शिक्षक आशिष कुमार के मार्गदर्शन में 'रोबोटिक्स की पाठशाला 2026' के तहत यह उपलब्धि हासिल की. बच्चों ने वेस्ट मटेरियल जैसे Fish Box, थर्माकोल, पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान, टेप और गोंद का उपयोग किया. प्लेन का एयर फ्रेम मुफ्त में बना है, जबकि रिमोट कंट्रोल, बैटरी और मोटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर लगभग 5,000 रुपये का खर्च आया.
शिक्षक ने बताया कि वे ईरान के 'शाहिद' कामिकाजी ड्रोन से प्रेरित होकर बच्चों को यह सिखाने के लिए आगे आए.
गलगोटिया यूनिवर्सिटी का जिक्र क्यों?
सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को शेयर करते हुए गलगोटिया यूनिवर्सिटी को टैग कर रहे हैं. दरअसल, पिछले कुछ समय से गलगोटिया यूनिवर्सिटी अपनी मार्केटिंग और कुछ विवादों के कारण चर्चा में रही है, इसलिए लोग सरकारी स्कूल के इन बच्चों के वास्तविक 'इनोवेशन' की तुलना वहां की शिक्षा से कर रहे हैं.
जयंत चौधरी की सभा में सो गए विधायक की भी चर्चा
देवरिया में राष्ट्रीय लोकदल (RLD) की एक जनसभा के दौरान मंच पर बैठे भाजपा के एक विधायक झपकियां लेते कैमरे में कैद हो गए. यह घटना 15 मार्च की है, जब केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी सभा को संबोधित कर रहे थे. विधायक जी भाटपार रानी विधानसभा से आते हैं. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT









