एटा इंस्पेक्टर विनोद कुमार का कथित गाली देने वाला ऑडियो वायरल, पुलिस महकमे में हड़कंप मचा

Etah Inspector Viral Audio: एटा में कोतवाली देहात के इंस्पेक्टर विनोद कुमार का कथित गाली-गलौज वाला ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया. मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश ने इंस्पेक्टर को 12 घंटे के भीतर निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं.

यूपी तक

• 04:58 PM • 15 Mar 2026

follow google news

Etah Inspector Viral Audio: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में पुलिस विभाग से जुड़ा एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. वायरल ऑडियो में एक शख्स को लगातार गाली-गलौज करते हुए सुना जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि यह आवाज कोतवाली देहात थाने में तैनात इंस्पेक्टर विनोद कुमार की है. ऑडियो सामने आने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई और वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर विनोद कुमार को महज 12 घंटे के भीतर निलंबित कर दिया है. साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें...

ऑडियो में ‘पंडित’ शब्द के साथ गाली-गलौज का आरोप

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस कथित ऑडियो में एक व्यक्ति किसी तीसरे शख्स के बारे में बात करते हुए बार-बार पंडित शब्द का इस्तेमाल करते हुए अपशब्द कहता सुनाई दे रहा है. बातचीत के दौरान सामने वाला व्यक्ति कई बार आपत्ति भी जताता है और अपनी मां को गाली न देने की बात कहता है लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद गाली-गलौज जारी रहती है. ऑडियो सामने आने के बाद यह मामला काफी संवेदनशील बन गया और जिले भर में इसकी चर्चा शुरू हो गई.

कब और किस संदर्भ में हुई बातचीत

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वायरल हो रहा यह ऑडियो कब का है और किस संदर्भ में यह बातचीत की गई थी. हालांकि, ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि वायरल क्लिप असली है या उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ की गई है.

12 घंटे में हुई कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए एटा के एसएसपी ने त्वरित कदम उठाते हुए कोतवाली देहात के इंस्पेक्टर विनोद कुमार को निलंबित कर दिया. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.  पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है और तथ्यों के आधार पर ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा. 

बताया जा रहा है कि निलंबित इंस्पेक्टर विनोद कुमार दलित समाज से आते हैं. ऐसे में वायरल ऑडियो में जिस तरह की भाषा और शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, उसे लेकर कई तरह की चर्चाएं और सवाल भी उठ रहे हैं. हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आएगी. 

यह भी पढ़ें: UPSI पेपर विवाद के बीच सीएम योगी ने भर्ती बोर्ड को सुनाया, फिर बारिश की वजह से खराब हुई फसलों को लेकर दिया ये निर्देश