Hathras Mobile Tower Drama: 'जयप्रकाश से कराओ शादी, वरना कूद जाऊंगी...' मोबाइल टावर पर चढ़ी नई नवेली दुल्हन, 3 घंटे तक ड्रामा

यूपी के हाथरस में एक विवाहित महिला अपने प्रेमी जयप्रकाश से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई. 3 घंटे के ड्रामे के बाद प्रेमी के समझाने पर नीचे उतरी.

यूपी तक

• 02:58 PM • 29 Apr 2026

follow google news

Hathras Mobile Tower Drama: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक शादीशुदा महिला के 'प्यार और जिद' की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने पुलिस और प्रशासन के पसीने छुड़ा दिए. अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी एक महिला फिल्मी अंदाज में मोबाइल टावर पर जा चढ़ी और करीब तीन घंटे तक पूरे इलाके को बंधक बनाए रखा.

यह भी पढ़ें...

शादी के बाद भी दिल में था पुराना प्यार

मामला हाथरस का है, जहाँ पूजा नाम की महिला की शादी उसके परिवार ने वरवाना निवासी यशपाल के साथ धूमधाम से की थी. लेकिन पूजा इस शादी से खुश नहीं थी. उसका दिल तो पहले से ही जयप्रकाश नाम के युवक के लिए धड़क रहा था. अपनी मर्जी के खिलाफ हुई शादी के बंधन को पूजा स्वीकार नहीं कर पाई और उसने अपने प्यार को पाने के लिए एक आत्मघाती रास्ता चुना.

टावर पर चढ़ी 'दुल्हन', नीचे खड़ी रही फायर ब्रिगेड

पूजा अचानक गांव के एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुँच गईं. लाउडस्पीकर से उसे नीचे उतरने की अपील की गई, लेकिन पूजा ने साफ कह दिया— "जब तक मेरी शादी जयप्रकाश से नहीं कराई जाएगी, मैं नीचे नहीं उतरूंगी."

प्रेमी को बुलाया, तब उतरा 'इश्क का बुखार'

प्रशासन के लिए स्थिति नाजुक हो गई थी. आखिर में पूजा की शर्त मानते हुए उसके प्रेमी जयप्रकाश को मौके पर बुलाया गया. अधिकारियों और प्रेमी ने उसे काफी समझाया-बुझाया और सुरक्षित भविष्य का भरोसा दिया. जयप्रकाश की आवाज और अधिकारियों के आश्वासन के बाद पूजा का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरी, तब जाकर प्रशासन ने चैन की सांस ली.

गांव में चर्चा, परिवारों में सन्नाटा

टावर से उतरने के बाद अब दोनों परिवारों के बीच बातचीत का दौर जारी है. गांव की चौपालों पर यह घटना चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई है. कोई इसे प्यार की पराकाष्ठा कह रहा है, तो कोई इसे कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की जा रही है.