Ganga Expressway: उत्तर प्रदेश के विकास को नई रफ्तार देते हुए गंगा एक्सप्रेसवे अब पूरी तरह तैयार है. यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज के बीच के सफर को बेहद सुगम और तेज बनाने वाला है. इस आधुनिक एक्सप्रेसवे पर प्रधानमंत्री के उद्घाटन के बाद अब आम जनता फर्राटेदार सवारी का आनंद ले सकेगी, जिससे घंटों का सफर अब महज कुछ ही घंटों में पूरा हो जाएगा.
ADVERTISEMENT
समय की बड़ी बचत
गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 120 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है. इससे मेरठ से प्रयागराज तक का लंबा सफर, जिसमें पहले 11 से 13 घंटे का समय लगता था. अब मात्र 5 से 6 घंटे में पूरा किया जा सकेगा.
अत्याधुनिक टोल प्रणाली
इस एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी विशेषता इसकी टोल प्रणाली है.यहां किसी भी वाहन को रुकने की आवश्यकता नहीं होगी. प्रवेश और निकास बिंदुओं पर लगे सेंसर 'फास्टैग' को अपने आप डिटेक्ट कर लेंगे, जिससे यात्रा की दूरी के अनुसार टोल राशि स्वतः कट जाएगी. यदि किसी वाहन पर फास्टैग नहीं है, तो निकास (Exit) बिंदु पर नकद भुगतान की व्यवस्था भी रहेगी.
सुरक्षा और सुविधाएं
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए एक्सप्रेसवे पर विशेष इंतजाम किए गए हैं.
निगरानी: एक्सप्रेसवे पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी.
गश्त: किसी भी आपात स्थिति के लिए क्विक रिस्पांस टीमें और पुलिस की टीमें लगातार गश्त करती रहेंगी.
सुविधा केंद्र: हर 72 किलोमीटर पर एक स्थान निर्धारित किया गया है, जहां पेट्रोल-डीजल पंप, ईवी चार्जिंग स्टेशन, खाने-पीने की सुविधा और शौचालय की व्यवस्था होगी.
ADVERTISEMENT









