उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मदनापुर थाना क्षेत्र में एक बारात के दौरान मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि बारातियों ने खाकी का खौफ भुलाकर पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया. इस हिंसक झड़प में पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया और उनकी वर्दी तक फाड़ दी गई.
ADVERTISEMENT
घोड़ा-गाड़ी के पैसे और एक 'थप्पड़' ने भड़काई आग
जानकारी के मुताबिक, मदनापुर इलाके में एक बारात आई थी, जहां घोड़ा-गाड़ी (बग्घी) के भुगतान को लेकर विवाद शुरू हुआ. सूचना मिलने पर जब पुलिस टीम बीच-बचाव और मामला सुलझाने पहुंची, तो बाराती उग्र हो गए. आरोप है कि विवाद के दौरान एक पुलिसकर्मी ने किसी बाराती को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा.
पुलिस टीम पर हमला, महिलाओं ने भी दिखाए तेवर
देखते ही देखते बारात 'दंगाइयों के समूह' में तब्दील हो गई. भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह पुलिसकर्मियों को दौड़ाया जा रहा है और उनके साथ बदसलूकी की जा रही है. हैरानी की बात यह है कि इस हमले में महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं और उन्होंने भी पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. इस दौरान कई पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई.
भारी पुलिस बल तैनात, 5 नामजद समेत कई पर FIR
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मोर्चा संभाला. फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए 5 लोगों को नामजद किया है, जबकि कई अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने अब तक तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
सरेआम पुलिस पर हुए इस हमले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं. वर्दीधारी जवानों के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार समाज में कानून के प्रति घटते डर को दर्शाता है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
ADVERTISEMENT









