UP Police SI Exam 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए आज से बड़ी परीक्षा की शुरुआत हो गई है. 14 मार्च से यूपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा का आयोजन शुरू हो गया है और पहले दिन की पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से शुरू हुई. परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए साफ कर दिया कि परीक्षा की पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. बोर्ड ने बताया कि पेपर लीक और फर्जी प्रश्नपत्रों से जुड़ी भ्रामक सूचनाएं फैलाने के मामले में अब तक चार एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं.
ADVERTISEMENT
पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई
भर्ती बोर्ड ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है. बोर्ड के मुताबिक कुछ लोग सोशल मीडिया और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर कथित प्रश्नपत्र शेयर कर उसे असली पेपर बताने का दावा कर रहे हैं, जबकि ये सभी दावे पूरी तरह झूठे और भ्रामक हैं.
बोर्ड ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में अभ्यर्थियों को भ्रमित करने और उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश की जा रही है जो कि आपराधिक कृत्य की श्रेणी में आता है. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और अब तक चार अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है.
अभ्यर्थियों को दी सख्त चेतावनी
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे किसी भी तरह की पेपर लीक या फर्जी प्रश्नपत्र से जुड़ी अफवाहों पर भरोसा न करें. बोर्ड ने यह भी कहा कि ऐसे आपराधिक कृत्यों में शामिल लोगों के साथ-साथ उनके सहयोगियों पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी. भर्ती बोर्ड विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर लगातार निगरानी कर रहा है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैल रही हर जानकारी की जांच की जा रही है. अगर कोई व्यक्ति परीक्षा की शुचिता भंग करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ नियमों के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
4543 पदों के लिए हो रही है भर्ती
यूपी पुलिस में इस भर्ती अभियान के तहत कुल 4543 पदों को भरा जाना है. इनमें सबसे ज्यादा 4242 पद सब-इंस्पेक्टर (सिविल पुलिस) के हैं. इसके अलावा पीएसी प्लाटून कमांडर के 135 पद, स्पेशल फोर्स के 60 पद और महिला बटालियन के 106 पद भी शामिल हैं. इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 12 अगस्त 2025 से 11 सितंबर 2025 तक चली थी जबकि फॉर्म में सुधार के लिए 12 से 15 सितंबर तक का समय दिया गया था.
15 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी दे रहे हैं परीक्षा
इस भर्ती परीक्षा में करीब 15 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा केंद्र उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बनाए गए हैं और कई उम्मीदवार दूसरे राज्यों से भी परीक्षा देने पहुंचे हैं. कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंचने के लिए एक दिन पहले ही शहरों में पहुंच गए. कई जगहों पर परीक्षार्थियों को स्टेशन और सड़कों के किनारे रात बिताते हुए भी देखा गया, क्योंकि उनके लिए यह परीक्षा अपने सपनों को पूरा करने का एक बड़ा अवसर है.
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी
भर्ती बोर्ड ने परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है. इसके अलावा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और एक विशेष कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां से पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है.
अभ्यर्थियों की पहचान पत्र की जांच से लेकर उनके प्रवेश और निकास तक हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना को खत्म किया जा सके.
दो दिनों में दो पालियों में होगी परीक्षा
यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को आयोजित की जा रही है. दोनों दिनों में परीक्षा दो शिफ्टों में होगी. पहले दिन की पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगी.
भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी और आधिकारिक अपडेट अभ्यर्थी uppbpb.gov.in वेबसाइट पर जाकर भी देख सकते हैं. वहीं परीक्षा से जुड़े हर ताजा अपडेट पर भर्ती बोर्ड लगातार नजर बनाए हुए है.
ADVERTISEMENT









