भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव और उनकी बचपन की दोस्त वंशिका की शादी का ग्रैंड रिसेप्शन लखनऊ के फाइव स्टार होटल 'द सेंटर' में आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में खेल जगत से लेकर राजनीति की दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी की रही.
ADVERTISEMENT
शाही एंट्री और मेहमान
कुलदीप और वंशिका ने दिल्ली से मंगवाई गई 1960 की विंटेज रॉल्स रॉयस कार में शाही अंदाज में एंट्री ली. खेल जगत से टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर, यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा अपनी पत्नी के साथ और शिखर धवन जैसे दिग्गज शामिल हुए. राजनैतिक हस्तियों में यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी मौजूद थे.
सीएम योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद
जैसे ही सीएम योगी मंच पर पहुंचे, कुलदीप ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया. सीएम योगी ने नवदंपति को फूलों का बुके और दो विशेष गिफ्ट हैंपर्स भेंट किए. इस दौरान सीएम योगी का एक मानवीय पक्ष भी दिखा, जब उन्होंने स्टेज पर मौजूद एक छोटी बच्ची के साथ हंसी-मजाक किया और उसे चॉकलेट दी.
अखिलेश यादव की मौजूदगी और 'लिफाफा' चर्चा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कुलदीप को गले लगाकर बधाई दी. कुलदीप और वंशिका दोनों ने उनके पैर छुए. अखिलेश यादव ने वंशिका को एक मोटा लिफाफा आशीर्वाद स्वरूप भेंट किया, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है कि इसमें कितनी राशि रही होगी. अखिलेश यादव ने एक्स (X) पर तस्वीरें साझा कर जोड़े को सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं.
आपको बता दें कि कुलदीप यादव ने 14 मार्च को मसूरी में एक निजी समारोह में वंशिका से शादी की थी. यह शादी टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद हुई है. रिसेप्शन के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिसमें मेहमानों के लिए चार्टर्ड प्लेन की व्यवस्था भी शामिल थी.
ADVERTISEMENT









