चंद्रशेखर आजाद की रैली में हजारों लट्ठ लेकर पहुंचे उनके समर्थक, करणी सेना की धमकी को लेकर मचा बवाल

बाराबंकी में चंद्रशेखर आजाद की रैली को लेकर करणी सेना और भीम आर्मी में टकराव. धमकी के बाद लट्ठ लेकर पहुंचे हजारों कार्यकर्ता. करणी सेना नेता अभिनव सिंह हाउस अरेस्ट. भारी पुलिस बल तैनात.

बाराबंकी में आज कांशीराम जयंती के मौके पर आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की रैली से पहले भयंकर बवाल देखने को मिल रहा है. विवाद की जड़ करणी सेना और भीम आर्मी के बीच जुबानी जंग है. करणी सेना के महामंत्री अभिनव सिंह द्वारा चंद्रशेखर आजाद को दी गई कथित धमकी के बाद आज रैली स्थल पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता सुरक्षा के नाम पर हजारों की तादाद में लट्ठ लेकर पहुंचे हैं. कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं. वहीं स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

यह भी पढ़ें...

धमकी के बाद भीम आर्मी का 'लट्ठ तंत्र'

रैली स्थल पर भीम आर्मी के कई कार्यकर्ता अपने हाथों में लाठियां और डंडे लिए दिखाई दिए. कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि करणी सेना को जवाब देने के लिए लगभग 2000 'लट्ठधारी' मुस्तैद हैं.एक कार्यकर्ता ने तीखे लहजे में कहा 'जो लोग कह रहे थे कि चंद्रशेखर भाई को बाराबंकी से सही-सलामत वापस नहीं जाने देंगे, ये डंडे उनके स्वागत के लिए हैं.'

साइकिल छोड़ अब चंद्रशेखर के साथ

रैली में हजारों की भीड़ उमड़ी है, जिसमें युवाओं का जोश देखते ही बन रहा है. रैली में आए कई समर्थकों ने बताया कि वे पहले समाजवादी पार्टी (साइकिल) को वोट देते थे.लेकिन अब वे चंद्रशेखर आजाद के साथ खड़े हैं. बहुजन समाज के वोट बैंक में यह 'बदलाव' 2027 के चुनावों के लिहाज से बड़ा संकेत माना जा रहा है.

पुलिस प्रशासन अलर्ट और हाउस अरेस्ट

लॉ एंड ऑर्डर बिगड़ने की आशंका को देखते हुए बाराबंकी पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात है. सीओ और कई थानों की फोर्स रैली स्थल पर मुस्तैद है.खबर है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने करणी सेना के महामंत्री अभिनव सिंह को एहतियातन 'हाउस अरेस्ट' कर लिया है.

कांशीराम जयंती पर शक्ति प्रदर्शन

पूरे उत्तर प्रदेश में आज कांशीराम जयंती की धूम है, लेकिन बाराबंकी की यह रैली महज एक जयंती समारोह न रहकर एक बड़े शक्ति प्रदर्शन में बदल गई है. चंद्रशेखर आजाद के आने से पहले ही कार्यकर्ताओं के बीच 'करणी सेना बनाम भीम आर्मी' की जंग ने प्रशासन की नींद उड़ा रखी है.