अंबेडकर नगर एंकाउंटर में मारा गया आमिर था इतना पावरफुल, इसकी क्राइम कुंडली सुनकर हैरान हो जाएंगे!

आंबेडकर नगर में एक परिवार के पांच लोगों की हत्या का आरोपी आमिर एनकाउंटर में मारा गया. आरोपी का आपराधिक इतिहास था और उसने संपत्ति कब्जाने के लिए हत्या की. पुलिस ने उसे एनकाउंटर में मार गिराया.

यूपी तक

• 04:06 PM • 04 May 2026

follow google news

अंबेडकर नगर में चार मासूम बच्चों और उनकी मां की बेरहमी से हत्या करने वाला मुख्य आरोपी आमिर पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो चुका है. इस हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था. आरोपी की मौत के बाद जब उसकी 'क्राइम कुंडली' खंगाली गई, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए. आमिर कोई साधारण अपराधी नहीं था, बल्कि वह पहले भी हत्या के मामले में जेल की हवा खा चुका था.

यह भी पढ़ें...

प्रॉपर्टी का लालच और खूनी रंजिश

अकबरपुर थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में 2 मई को एक घर से चार भाई-बहनों के शव मिले थे, जबकि उनकी मां का शव अगले दिन पास के नाले से बरामद हुआ. जांच में सामने आया कि महिला का पति सालों से सऊदी अरब में था और उसने वहां दूसरी शादी कर ली थी. आरोपी आमिर महिला पर शादी के लिए दबाव बना रहा था ताकि उसकी प्रॉपर्टी हड़प सके. महिला के इनकार करने पर आमिर ने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया.

आमिर का पुराना आपराधिक इतिहास

आमिर का नाता अपराध की दुनिया से पुराना था. करीब 4 साल पहले उसने एक बर्तन कारोबारी, शिवा कसौधन की हत्या की थी, जिसमें वह मुख्य आरोपी था. इस मामले में वह जेल गया था और कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था. जेल से बाहर आने के बाद उसने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा और एक ही परिवार के पांच लोगों को मौत के घाट उतार दिया.

टांडा हाईवे पर हुआ एनकाउंटर

पुलिस को सूचना मिली थी कि आमिर टांडा हाईवे के रास्ते भागने की फिराक में है. घेराबंदी के दौरान जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आमिर को गोली लगी और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.