Hapur News: प्यार को वश में करने की सनक जब अंधविश्वास से मिल जाए तो परिणाम कितना भयानक हो सकता है इसका उदाहरण हापुड़ में देखने को मिला. आरोपी अमन त्यागी अपनी प्रेमिका और उसके परिवार को 'कंट्रोल' करना चाहता था. इसके लिए उसने एक ढोंगी तांत्रिक के कहने पर शमशान घाट में जलती चिता से छेड़छाड़ की और मानव खोपड़ी लेकर फरार हो गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी प्रेमी, उसके दोस्त और तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
तांत्रिक का खोपड़ी वाला वशीकरण
आरोपी अमन त्यागी एक लड़की से एकतरफा प्यार करता था. उसे पाने के लिए उसकी मुलाकात साधु के वेश में रहने वाले तांत्रिक अवधदेश शर्मा से हुई. अवधदेश ने उसे झांसा दिया कि यदि वह जलती चिता से मानव खोपड़ी लेकर आएगा, तो वह ऐसा 'अचूक वशीकरण' कर देगा कि प्रेमिका और उसका पूरा परिवार उसके कदमों में आ जाएगा. इस सनक में अमन अपने दोस्त अयान और तांत्रिक के साथ मिलकर शमशान जा पहुंचा.
16 साल के छात्र की चिता से छेड़छाड़
यह पूरी घटना तब शुरू हुई जब मेरठ में पेट की बीमारी से दम तोड़ने वाले 16 साल के छात्र शुभंशु का अंतिम संस्कार हापुड़ के लोधीपुर गांव के शमशान घाट में किया गया. परिजनों के जाने के बाद, तीनों आरोपी मोपेड से वहां पहुंचे और जलती चिता से सिर उठाकर भाग निकले. 3 मई 2026 की सुबह जब परिजन अस्थियां चुनने पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए.
CCTV ने खोला राज
घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें एक बाइक पर तीन लोग भागते दिखे. पुलिस ने जब आरोपियों के ठिकाने पर छापेमारी की, तो वहां से न केवल तंत्र-मंत्र की सामग्री मिली, बल्कि 50 से ज्यादा अलग-अलग महिलाओं और पुरुषों की तस्वीरें भी बरामद हुईं. इन तस्वीरों पर तांत्रिक क्रियाएं की जा रही थीं. पुलिस अब उन सभी 50 लोगों की पहचान करने में जुटी है जिनकी तस्वीरें वहां मिली हैं, ताकि पता चल सके कि यह गिरोह और कितने लोगों को अपनी साजिश का शिकार बना चुका है.
ADVERTISEMENT









