लखनऊ के गोमती नगर विस्तार में रील बनाने और स्टंट करने के चक्कर में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़के की जान चली गई. मृतक बिजली विभाग के एक अधिकारी (SDO) का बेटा था. आपको बता दें कि 15 मार्च 2026 की सुबह बाराबंकी के रहने वाले नैतिक (17 वर्ष) अपने भाई और दोस्तों के साथ बुलेट से जनेश्वर मिश्र पार्क के पास स्टंट कर रहा था.
ADVERTISEMENT
प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो साक्ष्यों के अनुसार, नैतिक अपनी बुलेट पर उठकर स्टंट करने की कोशिश कर रहा था, तभी उसकी बाइक एक स्कूटी से जा टकराई. टक्कर के बाद नैतिक उछलकर डिवाइडर से जा टकराया. हेलमेट पहने होने के बावजूद, सिर डिवाइडर से जोर से टकराने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
बुलेट का स्पीडोमीटर 100 किमी प्रति घंटा पर अटका
एक्सीडेंट इतना भयानक था कि बुलेट का स्पीडोमीटर 100 किमी/घंटा से अधिक की रफ्तार पर ही रुक गया. सड़क पर बाइक घिसटने के गहरे निशान मिले हैं और गाड़ियों के स्पेयर पार्ट्स सड़क पर बिखरे हुए पाए गए. स्कूटी सवार दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
नैतिक की उम्र मात्र 17 साल थी और उसके पास गियर वाली बाइक चलाने का कानूनी अधिकार नहीं था. जिस बुलेट से हादसा हुआ, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं थी, जिससे अंदेशा है कि बाइक हाल ही में खरीदी गई थी. नैतिक के पिता राम इकबाल बिजली विभाग में SDO हैं और वर्तमान में नोएडा में तैनात हैं. परिवार लखनऊ के विशेष खंड (गोमती नगर विस्तार) में रहता था. हादसे के बाद घरवाले बिना पोस्टमार्टम कराए नैतिक का शव अंतिम संस्कार के लिए बाराबंकी स्थित अपने पैतृक गांव ले गए.
ADVERTISEMENT









