Kanpur Crime News: कानपुर की तंग गलियों में बुधवार को जो हुआ उसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. यह कहानी एक ऐसे शक की है जिसने न केवल एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया बल्कि एक गहरे भरोसे को भी खून से नहला दिया. आरोपी गुलफाम को अपनी पत्नी और रिश्तेदार शाहिद के बीच नाजायज संबंधों का शक था. इसी शक की आग में झुलस रहे गुलफाम ने एक खौफनाक साजिश रची और शाहिद के कारखाने में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने पहले धारदार हथियार से वार किया और फिर शाहिद पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक कर उसे आग के हवाले करने की कोशिश की. बुरी तरह झुलसे शाहिद को गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया गया है.जबकि पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
कारखाने में घुसकर किया जानलेवा हमला
घटना फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर की है. घायल शाहिद वहां चप्पल बनाने का कारखाना चलाते हैं. बुधवार शाम करीब 4 बजे जाजमऊ का रहने वाला गुलफाम वहां पहुंचा. उसने पहले शाहिद को बाहर बुलाया और जैसे ही वे बाहर आए गुलफाम ने उन पर हमला बोल दिया. शाहिद अपनी जान बचाने के लिए गलियों में दौड़ते रहे, लेकिन आरोपी ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर मारा और उन पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया.
शक या साइको फितरत?
शाहिद का आरोप है कि गुलफाम एक साइको किस्म का व्यक्ति है जो अक्सर अपने घर में भी मारपीट करता है. शाहिद के मुताबिक, गुलफाम ने झूठ बोलकर शादी की थी कि वह बहुत बड़ा कारोबारी है. जबकि वह पल्लेदारी करता है. इसी बात को लेकर उसके घर में पारिवारिक विवाद रहता है.गुलफाम को शक था कि उसकी पत्नी और शाहिद के बीच संबंध हैं जिसे शाहिद ने पूरी तरह से गलत और निराधार बताया है.
मौके पर ही डटा रहा आरोपी
वारदात के बाद जहां अक्सर अपराधी भाग निकलते हैं. वहीं गुलफाम मौके पर ही खड़ा रहा. पुलिस जब पहुंची तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उसने सबक सिखाने के लिए यह कदम उठाया. पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया है.
पुलिस की कार्रवाई और शाहिद की हालत
एसीपी ने बताया कि पीड़ित शाहिद (38-40 वर्ष) के चेहरे, हाथ और पैर झुलस गए हैं. उन्हें उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT









