वाराणसी के यूपी कॉलेज (UP College) में बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की दिनदहाड़े हत्या का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को बेखौफ अंदाज में गोलियां बरसाते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कॉलेज की गैलरी में सूर्य प्रताप सिंह निढाल होकर गिर पड़े हैं.
ADVERTISEMENT
आरोपी मंजीत चौहान उनके ऊपर चढ़कर गोलियां चलाता है. वीडियो में वह गोली मारने के बाद अपनी पिस्तौल ठीक करता भी दिखता है ताकि और गोलियां चला सके. इस दौरान कैंपस में भगदड़ मच गई और छात्र-छात्राएं अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए. वीडियो में एक छात्रा की आवाज भी सुनाई दे रही है जो कह रही है, "मर गया ना वो."
साजिश के आरोप
छात्रों का दावा है कि प्रिंसिपल ने किसी पुराने विवाद को सुलझाने के लिए मंजीत और सूर्य प्रताप दोनों को बातचीत के लिए बुलाया था. जैसे ही वे प्रिंसिपल ऑफिस से बाहर निकले, मंजीत ने हमला कर दिया. कुछ आक्रोशित छात्रों ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि मंजीत, प्रिंसिपल का खास था और यह हत्या एक साजिश के तहत की गई है. मंजीत चौहान एमए (MA) का छात्र है और उसके खिलाफ पहले भी तीन-चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. हाल ही में उसने किसी पर चाकू से हमला भी किया था.
कैंपस में हिंसा और पुलिस कार्रवाई
हत्या के बाद गुस्साए छात्रों ने तीन शिक्षकों और दर्जनों गाड़ियों को निशाना बनाया. एक शिक्षक का सिर भी फट गया. भारी पुलिस बल ने घेरा बनाकर कैंपस में फंसे शिक्षकों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया है. मंजीत और उसके साथी अनुज ठाकुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के अनुसार, मामले की जांच के लिए 6 टीमें गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज व डीवीआर को कब्जे में ले लिया गया है.
ADVERTISEMENT









