मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-इजरायल संघर्ष की आग अब उत्तर प्रदेश के एक घर तक पहुंच गई है. सऊदी अरब के रियाद में हुए एक मिसाइल हमले में सीतापुर के रवि गोपाल की मौत हो गई है, जिससे पूरे इलाके में मातम छा गया है. बताया जा रहा है कि 18 मार्च 2026 की शाम को सऊदी अरब के रियाद शहर में एक मिसाइल हमला हुआ. मिसाइल उस प्लास्टिक फैक्ट्री (रीमा प्लास्टिक फैक्ट्री) के परिसर में गिरी जहां रवि गोपाल काम करते थे.
ADVERTISEMENT
हमले के बाद बिल्डिंग ढह गई और भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से रवि की मौके पर ही मौत हो गई. रवि गोपाल सीतापुर के महमूदाबाद क्षेत्र के बघाइन गांव के रहने वाले थे. वे करीब ढाई साल पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सऊदी अरब गए थे और वहां लोडिंग-अनलोडिंग का काम करते थे.
परिवार को कैसे मिली जानकारी?
रवि के बड़े भाई ने बताया कि 18 मार्च की शाम के बाद से रवि से संपर्क टूट गया था. वहां साथ काम करने वाले लड़कों ने फोन पर जानकारी दी कि जिस बिल्डिंग में रवि थे, वह मिसाइल हमले में तबाह हो गई है. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अब भारत सरकार और प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि रवि के शव को जल्द से जल्द भारत लाया जाए ताकि वे रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार कर सकें. हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले में स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
ADVERTISEMENT









