जिस लड़की का हुआ यौन शोषण उससे 'सेक्सी फोटो' मांगने लगा हेड कॉन्स्टेबल इमरान! फिर लेने के देने पड़े

Aligarh Police Misconduct: अलीगढ़ में इंसाफ के बदले आबरू का सौदा! हेड कॉन्स्टेबल इमरान खान ने पीड़िता से मांगी अश्लील फोटो और साथ चलने का दबाव बनाया. देखिए कैसे रिकॉर्डिंग ने खोला सिपाही का कच्चा चिट्ठा.

यूपी तक

• 06:50 PM • 20 Mar 2026

follow google news

अलीगढ़ से खाकी को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां इंसाफ मांगने पहुंची एक पीड़िता से हेड कॉन्स्टेबल (मुख्य आरक्षी) ने मदद के बदले 'सेक्सी फोटो' और साथ सोने की अश्लील मांग की. पुलिस विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सिपाही को निलंबित कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पीड़िता ने पहले जमालपुर निवासी जीशान नाम के युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने की शिकायत दर्ज कराई थी. 

यह भी पढ़ें...

इस मामले की पैरवी के लिए वह क्वारसी थाने के अंतर्गत आने वाली नगला पटवारी चौकी पहुंची थी. चौकी में तैनात मुख्य आरक्षी इमरान खान पर आरोप है कि उसने मदद करने के बहाने महिला का नंबर लिया और फिर उसे WhatsApp कॉल कर अश्लील बातें शुरू कर दीं.

आरोप के मुताबिक, इमरान खान ने महिला से उसकी 'सेक्सी फोटो' मांगी और उसे साथ होटल चलने का दबाव बनाया. उसने यह भी कहा, "तू भी मुसलमान, मैं भी मुसलमान... मेरे साथ चल, मैं तुझे ईद के कपड़े दिलाऊंगा. पीड़िता का दावा है कि सिपाही ने उसे धमकी दी कि अगर वह उसकी बात नहीं मानेगी, तो उसकी कोई सुनवाई नहीं होगी और उसे ही जेल भेज दिया जाएगा. 

पीड़िता ने सिपाही की इन सभी अश्लील बातों की कॉल रिकॉर्डिंग कर ली और सीधे अलीगढ़ के एसएसपी (SSP) नीरज कुमार जादौन से इसकी शिकायत की. एसएसपी के आदेश पर प्राथमिक जांच के बाद हेड कॉन्स्टेबल इमरान खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. आरोपी सिपाही के खिलाफ थाना क्वारसी में आपराधिक मुकदमा (FIR) भी दर्ज किया गया है.