Prayagraj Triple Murder: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा इलाके में एक प्रेम प्रसंग के चलते खौफनाक ट्रिपल मर्डर की वारदात सामने आई है. प्रेमी हिमांशु यादव ने अपनी प्रेमिका के घर वालों से शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने और उससे मिलने पर पाबंदी लगाए जाने से बौखलाकर भयानक हत्याकांड को अंजाम दिया है. आरोपी ने प्रेमिका के दादा, दादी और बुआ को मौत के घाट उतार दिया है, जिन्हें वह अपने प्यार के बीच का रोड़ा मान रहा था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
ADVERTISEMENT
पंचायत के बाद लगाई पाबंदी
शुरुआत में आरोपी हिमांशु यादव और उसकी प्रेमिका घर से भाग गए थे, लेकिन वापस लौटने पर गांव में एक पंचायत बैठी थी. पंचायत में समझौता होने के बाद लड़की के परिवार ने सख्ती दिखाते हुए उसे उसके ननिहाल भेज दिया था. परिवार ने लड़की से मोबाइल फोन भी दूर कर दिया था ताकि दोनों के बीच कोई संपर्क न हो सके. इस मामले में पुलिस को पंचायत की जानकारी न देने पर एक संबंधित पुलिसकर्मी को सस्पेंड भी किया गया है.
शादी से किया था इनकार
प्रेमिका से दूरी बढ़ने के बाद हिमांशु यादव लगातार उसे वापस पाने की कोशिश कर रहा था. वह लड़की से मिलने उसके ननिहाल भी गया था, जहां प्रेमिका के मामा के परिवार ने उसे वहां से भगा दिया था. इसके बाद वह कई बार शराब के नशे में लड़की के घर पहुंचा था और शादी का प्रस्ताव रखा था. हर बार परिवार वालों ने शादी से साफ इनकार कर दिया, जिसके चतले आरोपी ने लड़की के परिवार वालों को गालियां दी और जान से मारने की धमकी भी दी थी.
हाफ एनकाउंटर में हुआ गिरफ्तार
शादी से लगातार इनकार और प्रेमिका से न मिल पाने की वजह से हिमांशु यादव बुरी तरह बौखला गया था. इसी गुस्से में आकर उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर लड़की के घर पर हमला बोल दिया और परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी. इनमें लड़की के दादा (श्यामलाल गुप्ता), दादी (अमरावती देवी) और बुआ (इंद्रावती) शामिल हैं. इस पूरे घटनाक्रम पर जानकारी देते हुए बताया गया है कि, 'अब इस तीन कत्ल के बाद हिमांशु को हाफ एनकाउंटर के बाद अरेस्ट कर लिया गया है.' फिलहाल आरोपी अस्पताल में भर्ती है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT









