मिर्जापुर कलेक्ट्रेट में फर्जी दरोगा बनकर घूम रहा था युवक... लोगों ने पूछा पुलिस कप्तान का नाम तो गहरा गया शक

Mirzapur fake inspector: मिर्जापुर कलेक्ट्रेट में पुलिस की वर्दी और नेमप्लेट लगाकर घूम रहे फर्जी इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी स्टाइलिश हेयरकटिंग और बातचीत से लोगों को शक हुआ था.

यूपी तक

• 11:50 AM • 18 Jun 2026

follow google news

Mirzapur fake inspector: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस की वर्दी पहने एक फर्जी दरोगा को गिरफ्तार किया गया है. स्टाइलिश लुक और बालों की कटिंग के साथ रौब झाड़ते इस शख्स को देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ. जब लोगों ने उससे पूछताछ की तो उसकी पोल खुल गई और उसने पुलिस के बारे में अजीबोगरीब जवाब दिए. इसके बाद सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची असली पुलिस ने इस फर्जी इंस्पेक्टर को पकड़कर गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

स्टाइलिश लुक से हुआ शक

मिर्जापुर की सड़कों पर एक युवक पुलिस की वर्दी पहनकर बड़े ही स्टाइलिश अंदाज में घूम रहा था. उसके कंधों पर 1 स्टार लगा था और उसने 'शिवपाल इंस्पेक्टर' नाम की एक नेमप्लेट भी लगा रखी थी. इस फर्जी दरोगा के बालों की कटिंग और अजीब चाल-ढाल को देखकर वहां मौजूद लोगों को शक हुआ कि यह कोई असली पुलिस वाला नहीं है बल्कि एक बहरूपिया है.

पूछताछ में खुली सारी पोल

शक होने पर जब लोगों ने उसे चारों तरफ से घेरकर पूछताछ शुरू की, तो वह बुरी तरह से घबराने लगा था. लोगों के सवालों का अजीब जवाब देते हुए उसने कहा था कि 'वर्दी बनवाई है, महिला थाने में पोस्टिंग है.' उसे मिर्जापुर के पुलिस कप्तान का नाम तक नहीं पता था. जब लोगों ने आईडी कार्ड मांगा तो वह प्रधानमंत्री के द्वारा पोस्टिंग कराने जैसी अजीबोगरीब बातें करने लगा था.

असली पुलिस ने किया गिरफ्तार

लोगों ने इस घटना की सूचना तुरंत असली पुलिस को दी, जिससे मौके पर पहुंचकर असली पुलिस ने उसे पकड़कर अपने साथ थाने ले गए. शहर कोतवाली के थाना अध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया है कि, 'गिरफ्तार किए गए फर्जी दरोगा का नाम शिव कुमार पाल है और वह प्रयागराज के करछना का रहने वाला है.' मिर्जापुर पुलिस ने इस फर्जी इंस्पेक्टर पर उचित कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है.