जय श्री राम कहिए तभी मिलेगा प्रसाद... भंडारे में बुजुर्ग मुस्लिम से बीजेपी नेता ने लगवाया नारा, Siddharthnagar का वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में बीजेपी नेता लवकुश ओझा के कहने पर एक मुस्लिम बुजुर्ग ने मुस्कुराते हुए 'जय श्री राम' कहकर भंडारे का प्रसाद लिया. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं.

यूपी तक

• 04:37 PM • 17 Jun 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज ब्लॉक से सोशल मीडिया पर एक बेहद दिलचस्प और चर्चा बटोरने वाला वीडियो सामने आया है. यहां आयोजित एक भंडारे में जालीदार टोपी पहने एक मुस्लिम बुजुर्ग प्रसाद लेने पहुंचे, जहां उनसे 'जय श्री राम' का नारा लगवाया गया. इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक व सामाजिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

यह भी पढ़ें...

ब्लॉक प्रमुख पति ने रखी शर्त, बुजुर्ग ने मुस्कुराकर दिया जवाब

जानकारी के मुताबिक, डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र में एक धार्मिक अनुष्ठान और भंडारे का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में बीजेपी नेता और स्थानीय ब्लॉक प्रमुख के पति लवकुश ओझा खुद प्रसाद वितरण की कमान संभाल रहे थे. इसी दौरान जब जालीदार टोपी पहने एक स्थानीय मुस्लिम बुजुर्ग पूरी और प्रसाद लेने काउंटर पर पहुंचे, तो लवकुश ओझा ने उनसे कहा कि 'जय श्री राम' बोलिए, तभी प्रसाद मिलेगा. इस पर बुजुर्ग ने बिना किसी हिचकिचाहट के मुस्कुराते हुए सबके सामने 'जय श्री राम' कह दिया. 

वायरल वीडियो पर बंटी सोशल मीडिया की राय, छिड़ी बहस

इंटरनेट पर वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स के बीच दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं:

सद्भाव की मिसाल: एक वर्ग का मानना है कि यह घटना गंगा-जमुनी तहजीब और दोनों समुदायों के बीच आपसी सम्मान, मेलजोल और भाईचारे की एक खूबसूरत मिसाल है. बुजुर्ग और बीजेपी नेता दोनों के चेहरों की मुस्कुराहट ने माहौल को सकारात्मक बना दिया.

शर्त पर आपत्ति: वहीं दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति भी जताई है. उनका कहना है कि भंडारा एक धार्मिक और पवित्र आयोजन है जहां बिना किसी भेदभाव या शर्त के सबको भोजन कराया जाना चाहिए, प्रसाद देने के लिए किसी पर धार्मिक नारा लगाने का दबाव बनाना उचित नहीं है.