बदायूं में शादी की खुशियां मातम में बदलीं... ट्रक और ई-रिक्शा की टक्कर में 6 महिलाओं की मौत, 3 गंभीर

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उझानी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. शादी समारोह में जा रही महिलाओं से भरे ई-रिक्शा को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे 6 महिलाओं की मौत हो गई और 3 गंभीर रूप से घायल हैं.

यूपी तक

• 04:12 PM • 17 Jun 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद ही दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जिले के उझानी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक और ई-रिक्शा के बीच हुई भीषण टक्कर में 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. ये सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही काल के गाल में समा गए. इस हादसे के बाद से शादी वाले घर की खुशियां पल भर में मातम में तब्दील हो गई हैं.

यह भी पढ़ें...

ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा, सामने से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर

जिलाधिकारी (DM) से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उझानी क्षेत्र के एक हाईवे पर हुआ. ई-रिक्शा चालक सड़क पर जा रहे एक ट्रैक्टर को बचाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इसी दौरान अचानक सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टर चालकों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए पुलिस को सूचना दी और खुद राहत-बचाव कार्य में जुट गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी शवों को कब्जे में लिया और मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला. मृतकों में अलग-अलग उम्र की महिलाएं शामिल हैं, जिनकी पहचान की जा रही है.

मेडिकल कॉलेज में चल रहा है इलाज, हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी

इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों को तुरंत नजदीकी राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी हुई है. जिला प्रशासन लगातार डॉक्टरों के संपर्क में है. प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि घायल मरीजों के बेहतर इलाज के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया जाएगा.