Lucknow Fire Incident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक कमर्शियल बिल्डिंग में भीषण आग लग गई. जानकारी के अनुसार यह आग इमारत के भूतल पर बने पेट स्टोर के ठीक ऊपर बने एक गेमिंग जोन में लगी है. आग इतनी भयावह थी कि जान बचाने के लिए कई लोग इमारत से नीचे कूदते नजर आए. घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने तुरंत राहत और बचाव कार्य के सख्त निर्देश दिए हैं. मौके पर जिलाधिकारी (DM) खुद हालात का जायजा ले रहे हैं और 14 से ज्यादा दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही हैं.
ADVERTISEMENT
गेमिंग जोन में लगी आग, मची अफरातफरी
अलीगंज इलाके के एक कमर्शियल बिल्डिंग के भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर पेट स्टोर संचालित हो रहा था और उसके ठीक ऊपर एक गेमिंग जोन था, जहां यह भीषण आग लगी है. बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि गेमिंग जोन में मौजूद लोगों को संभलने या सीढ़ियों से बाहर निकलने का कोई मौका ही नहीं मिला है. धुएं का गुबार भर जाने के कारण लोगों का दम घुटने लगा और अंदर भारी अफरातफरी मच गई. हालात इतने बेकाबू हो गए कि जान बचाने के लिए लोगों ने बिल्डिंग की ऊंचाई से ही छलांग लगाना शुरू कर दिया.
चश्मदीद का दावा- तार के सहारे बचाई कई जानें
घटनास्थल पर मौजूद एक चश्मदीद ने इस खौफनाक मंजर की जानकारी देते हुए बताया कि जब धुआं उठना शुरू हुआ, तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इस दौरान स्थानीय लोगों ने तार की मदद से करीब 5-6 लोगों (जिनमें एक लड़की और पांच लड़के शामिल थे) को सुरक्षित नीचे निकाला है. चश्मदीद के मुताबिक, एक व्यक्ति आग से बचने के लिए सीधे ऊपर से नीचे कूद गया, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई और पैरों में गंभीर चोटें आईं हैं. चश्मदीद ने यह भी दावा किया है कि अंदर अभी भी कई लोग फंसे हुए हैं.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान, युद्ध स्तर पर बचाव कार्य
इस भीषण अग्निकांड की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया और अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए है. प्रशासन की ओर से 14 फायर टेंडर (दमकल गाड़ियां) मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं. राहत की बात यह है कि इमारत के अगले हिस्से की आग पर फिलहाल काबू पा लिया गया है. हालांकि, चश्मदीद के दावों को लेकर प्रशासन की तरफ से अभी तक अंदर फंसे लोगों की सटीक संख्या या हताहतों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है.
ADVERTISEMENT









