पत्नी को पीटकर घर से निकाला, ससुर और साले पर चलाईं गोलियां... रामपुर में रिश्तों का खूनी खेल!

Rampur Firing: रामपुर में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. पत्नी को मायके से वापस ससुराल न भेजने से नाराज जीजा ने ससुर की दुकान में थार घुसा दी और पुलिस की मौजूदगी में अपने साले पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.

यूपी तक

• 07:51 PM • 21 Jun 2026

follow google news

Rampur Firing: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले स्थित स्वार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया है. दरअसल आरोपी जो पीड़ित का रिश्ते में जीजा लगता है, उसने तीन महीने पहले अपनी पत्नी के साथ मारपीट करके घर से बाहर निकाल दिया था. इसके बाद मायके पक्ष ने अपनी बेटी को ससुराल भेजने से मना कर दिया था. जिससे नाराज पति ने अपने ससुर की दुकान में थार गाड़ी घुसा दी और अपने ही साले जीशान अली पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. मौके पर पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन बेखौफ आरोपी ने पहले महिला कांस्टेबल को धक्का दिया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे साले के पैर में गोली लग गई. घायल साले को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, स्थानीय पुलिस ने इस पूरी वारदात का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश कर रही है.

यह भी पढ़ें...

बहन को प्रताड़ित कर निकाला था

अस्पताल में साले जीशान अली ने इस वारदात की खौफनाक कहानी बताई है. जीशान के मुताबिक, उसके जीजा ने करीब तीन महीने पहले उसकी बहन के साथ बुरी तरह मारपीट की थी और उसे घर से बाहर निकाल दिया था. जीशान ने बताया है, 'उसने मेरी बहन को मानसिक रूप से इतना टॉर्चर किया कि उसकी याददाश्त चली गई. फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है, लेकिन मेरा जीजा लगातार दबाव बना रहा था कि उसे वापस ससुराल भेज दो. हमने उससे साफ कह दिया था कि जब तक बहन का इलाज पूरा नहीं होता, हम उसे वापस नहीं भेजेंगे.'

फोन पर दी जानलेवा धमकी

जीशान ने आगे बताया कि वापस भेजने से इनकार करने पर घटना वाले दिन आरोपी जीजा ने पहले उसके छोटे भाई को फोन किया. उसने फोन पर गालियां देते हुए धमकी दी कि 'मैं तुझे गोली मारूंगा, तू कहां है?' इस जानलेवा धमकी के बाद परिजनों ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को पूरी बात से अवगत करा दिया था. पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच भी गई थी, लेकिन तभी आरोपी अपनी थार गाड़ी लेकर वहां पहुंचा और उसने सीधे जीशान की दुकान के केबिन में अपनी गाड़ी घुसा दी और पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी.

पुलिस के सामने चलाईं गोलियां

आरोपी के सिर पर गुस्सा इस कदर सवार था कि उसने पुलिस के सामने ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं. जीशान ने बताया कि 'मैं सामने खड़ा था, उसने मेरे ऊपर गोली चलाई लेकिन मैं झुककर बच गया. इसके बाद उसने पुलिस की महिला कांस्टेबल को भी धक्का दिया और लगातार फायरिंग की, जिसमें तीसरी गोली मेरे पैर में लग गई.' गोली लगने के बाद भी घायल जीशान ने हिम्मत दिखाते हुए जीजा से पिस्तौल छीन ली और उसे मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन के हवाले कर दी.

गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पीटा

दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में भारी हड़कंप मच गया. साले को गोली लगने के बाद वहां मौजूद स्थानीय लोग भड़क गए और उन्होंने आरोपी जीजा को घेरकर उसकी जमकर पिटाई कर दी. इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें थार गाड़ी से टक्कर, फायरिंग और वहां मची अफरातफरी साफ नजर आ रही है. इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि, 'जीजा और साले के बीच पारिवारिक विवाद था, जिसमें जीजा ने अपनी ससुर की दुकान पर आकर फायरिंग की है.' फिलहाल पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.