15 जून से लापता था किशोर, 3 दिन बाद नाले में मिली लाश... मेरठ पुलिस ने ऐसे सुलझाई खौफनाक मर्डर मिस्ट्री

Meerut Murder Case: मेरठ में 17 वर्षीय अब्दुल समद की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. 15 जून से लापता किशोर का शव नाले में मिला था. पुलिस ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी सोनू उर्फ जावेद को गिरफ्तार किया, जिसने मामूली कहासुनी का बदला लेने के लिए किशोर की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया था.

यूपी तक

• 08:05 PM • 22 Jun 2026

follow google news

Meerut Murder Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. कुछ दिन पहले जाहिदपुर के एक नाले में एक 17 वर्षीय किशोर की लाश मिली थी, जिसे लोग शुरुआत में हादसा समझ रहे थे. लेकिन पुलिस की जांच में यह एक खौफनाक हत्या की साजिश निकली. इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाते हुए मेरठ पुलिस ने आरोपी सोनू उर्फ जावेद को गिरफ्तार कर लिया है. सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इस नृशंस हत्या के पीछे की वजह सिर्फ एक मामूली सी कहासुनी थी.

यह भी पढ़ें...

15 जून से लापता था किशोर

लिहाड़ी गेट थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी का रहने वाला 17 वर्षीय अब्दुल समद चमड़ा पैठ इलाके की एक दुकान पर काम करता था. बीते 15 जून की रात वह जाहिदपुर में अपनी एक रिश्तेदारी में आया हुआ था, लेकिन उसी रात वह रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया. परिजनों ने उसे हर जगह ढूंढा और जब कोई सुराग नहीं मिला, तो थक-हारकर लोहिया नगर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.

नाले में सड़ी-गली मिली लाश

तलाश के बीच बीते गुरुवार (18 तारीख) को दोपहर करीब 3:00 बजे सूचना मिली कि जाहिदपुर स्थित कन्या पाठशाला के पास एक नाले में एक शव पड़ा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. कपड़ों और हुलिए के आधार पर रोते-बिलखते परिजनों ने शव की पहचान लापता अब्दुल समद के रूप में की. इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कातिलों की गिरफ्तारी की मांग की.

100 CCTV फुटेज से खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी और एसपी के निर्देशन में तीन टीमों का गठन किया गया. पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 100 से भी ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पुलिस की जांच की सुई सोनू उर्फ जावेद नाम के युवक पर जाकर टिक गई.

मामूली रंजिश में लिया खौफनाक बदला

पुलिस ने जब सोनू उर्फ जावेद को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि करीब 10-15 दिन पहले उसका मृतक समद से किसी मामूली बात को लेकर झगड़ा हुआ था. 15-16 जून की रात को जब आरोपी गांव के बाहर घूम रहा था, तो उसने समद को अकेले जाते हुए देखा. पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने मौका पाकर 17 साल के इस लड़के को मौत के घाट उतार दिया और उसकी लाश को नाले में फेंक दिया. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी सोनू उर्फ जावेद को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया तेजी से जारी है.