Lucknow Fire Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की एक इमारत में भीषण आग लगने से कई परिवारों में मातम फैल गया है. जानकारी के अनुसार जिस बिल्डिंग में आग लगी उसमें गेमिंग जोन था, हादसे के दौरान वहां कई बच्चे मौजूद थे. जिसके चलते 14 से अधिक बच्चों की आग की जद में आकर मौत हो गई है. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है. घटनास्थल पर अपनों की तलाश में बदहवास दौड़ते परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इसी बीच एक बेबस भाई की कहानी सामने आई, जो अपने छोटे भाई की एक कॉल आते ही अस्पताल के बेड से अपना इलाज छोड़कर सीधे आग की लपटों के बीच पहुंच गया.
ADVERTISEMENT
अस्पताल के बेड से भागा भाई
घटनास्थल पर मौजूद शकील नाम के एक युवक ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि दो दिन पहले ही उनके किडनी स्टोन का ऑपरेशन हुआ था. वह अस्पताल के बेड पर भर्ती थे, तभी उनके भाई का फोन आया. भाई ने घबराते हुए कहा कि भैया हम फंस गए हैं. यह सुनते ही शकील ने अस्पताल के कर्मचारियों से अपना विगो (IV) निकालने को कहा और अपनी बीमारी की परवाह किए बिना सीधे घटनास्थल की ओर भागा.
'बाथरूम में फंसे हैं छह लोग'
शकील ने बताया कि वहां पहुंचने के बाद से उनके भाई से कोई बात नहीं हो पाई है. फोन पर भाई ने सिर्फ इतना बताया था कि आग बहुत तेज लगी है और वो लोग जान बचाने के लिए छह लोगों के साथ एक बाथरूम में आ गए हैं. फोन पर भाई की आखिरी आवाज यही थी, 'भैया जल्दी आ जाना.' इसके बाद से कोई संपर्क नहीं हो सका. शकील वहां धुआं और लपटें देखकर अपने भाई की सलामती के लिए बस दुआ कर रहे हैं और उनके पास कोई जानकारी नहीं है.
अपनों की तलाश में रोते परिजन
हादसे वाली जगह का मंजर बेहद दर्दनाक और आंखें नम कर देने वाला था. हादसे वाली जगह अपने बच्चों की तलाश में माता-पिता फूट-फूट कर रो रहे थे. हर पिता की जुबान पर बस एक ही सवाल था कि हमारा बच्चा कहां है. यह इमारत एक गेमिंग जोन थी, जहां बच्चे वीडियो गेम और एनिमेशन की पढ़ाई करने आते थे. इस हादसे ने एक बार फिर याद दिला दिया है कि कुछ पल कैसे पूरी जिंदगी को बदलकर रख देते हैं.
ADVERTISEMENT









