वाराणसी के यूपी कॉलेज (UP College) कैंपस में बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी बवाल मच गया. इस घटना ने न केवल छात्रों को बल्कि पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. शुक्रवार सुबह लगभग 11:00 बजे कॉलेज कैंपस के अंदर मंजीत चौहान नाम के छात्र ने बीएससी सेकंड ईयर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह पर गोलियां बरसा दीं. हत्या का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें मंजीत, सूर्य प्रताप को गोली मारता हुआ दिखाई दे रहा है.
ADVERTISEMENT
सूर्य प्रताप गाजीपुर के सैदपुर तहसील के दुबईठा गांव के रहने वाले थे. वे अपने माता-पिता के इकलौते बेटे और दो बहनों के अकेले भाई थे. बीएचयू पोस्टमार्टम हाउस के बाहर सूर्य प्रताप के पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने तब तक शव उठाने से मना कर दिया जब तक कि आरोपी का एनकाउंटर नहीं हो जाता. पिता ने कहा कि हमारा तो इकलौता चिराग बुझ गया, अब हमारे पास कोई नहीं है. प्रशासन सहयोग करे और आरोपी को सजा दिलाए.
उन्होंने किसी भी पुरानी रंजिश की जानकारी से इनकार किया और बताया कि एक दिन पहले ही बेटे से बात हुई थी, तब वह बिल्कुल सामान्य था.
कैंपस में भयंकर बवाल
हत्या के बाद आक्रोशित छात्रों ने कैंपस में जमकर तोड़फोड़ की और दर्जनों गाड़ियों को निशाना बनाया. पथराव में एक शिक्षक का सिर फट गया. पुलिस को घेरा बनाकर कैंपस में फंसे शिक्षकों और स्टाफ को बाहर निकालना पड़ा. छात्रों ने कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपल पर लापरवाही और साजिश का आरोप लगाया है.
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का मानना है कि यह मामला पुरानी रंजिश का है, लेकिन कॉलेज प्रशासन की भूमिका और लापरवाही के आरोपों की भी गहन जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT









