वायरल खबरों के हमारे खास शो 'आज क्या है वायरल?' में आज बात बनारस के उस वायरल वीडियो की जिसने सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया है और खाकी को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है. इंटरनेट पर दो वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं जिसमें एक पुलिसकर्मी एक महिला के साथ सरेआम बर्बर व्यवहार और मारपीट करता नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग पुलिस प्रशासन और सत्ताधारी पार्टी से तीखे सवाल पूछ रहे हैं.हालांकि वाराणसी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से आरोपी दरोगा जी को 'फाटक' से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है.
ADVERTISEMENT
विश्वनाथ मंदिर की गली में खाकी की गुंडागर्दी!
यह पूरा मामला वाराणसी के प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पास की एक गली का बताया जा रहा है. पीड़ित महिला इसी गली में फूल-माला बेचने का काम करती है. जहां यह घटना हुई, उसके ठीक सामने सत्यनारायण जी का मंदिर है और इसी मंदिर के पास अक्सर पुलिसकर्मी भी बैठते हैं. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दरोगा जी किस तरह सरेआम उस महिला पर हाथ उठा रहे हैं. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और दरोगा जी इस कदर आगबबूला क्यों हो गए. लेकिन पुलिसकर्मी का यह रवैया बेहद शर्मनाक है.
वाराणसी पुलिस का एक्शन
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया के जरिए आला अधिकारियों तक पहुंचा वैसे ही वाराणसी पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई. इस मामले पर वाराणसी के एडीसीपी (ADCP) ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा 'सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी एक महिला को मारते हुए नजर आ रहा है. उक्त पुलिसकर्मी की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करते हुए आगे की विभागीय जांच की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है. वाराणसी पुलिस जनता के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस'की नीति अपनाती है.'
सोशल मीडिया पर कटा भारी हल्ला
एडीसीपी के मुताबिक, आरोपी पुलिसकर्मी को न सिर्फ चिन्हित किया गया बल्कि उस पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. लेकिन इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर जनता का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है. लोग वीडियो को जमकर शेयर कर रहे हैं और कह रहे हैं कि वीवीआईपी (VVIP) क्षेत्र और पवित्र मंदिर परिसर के पास सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस का ऐसा रूप बेहद निंदनीय है. अब देखना होगा कि निलंबन के बाद आरोपी दरोगा पर विभाग आगे क्या कड़ी कार्रवाई करता है.
ADVERTISEMENT









