ग्रेटर नोएडा में दीपक नागर को सरेआम गोलियों से भूना,ये चार निकले असली आरोपी

ग्रेटर नोएडा में पुरानी रंजिश के चलते दीपक नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामला गंभीर है और जांच जारी है. परिवार इंसाफ की मांग कर रहा है.

यूपी तक

• 04:53 PM • 21 May 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बेखौफ बदमाशों का तांडव देखने को मिला है जहां बदमाशों ने बीच सड़क पर घेरकर एक 28 साल के युवक को गोलियों से भून दिया. गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा और इस खूनी खेल में दीपक नागर नामक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. यह सनसनीखेज वारदात ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के वैदपुरा गांव की है. हत्या की इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड और इसके पीछे की साजिश में शामिल 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

7 से 8 बदमाशों ने घेरकर मारी 6 गोलियां

यह पूरी वारदात 20 मई की रात लगभग 9:00 बजे की है. जानकारी के मुताबिक, वैदपुरा निवासी 28 वर्षीय दीपक नागर जब कोको काउंट के आगे और वैदपुरा गांव से ठीक पहले कच्ची सड़क पर था तभी घात लगाए बैठे लगभग 7 से 8 बदमाशों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया. बदमाशों ने दीपक पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की. दीपक के शरीर में तकरीबन छह गोलियां दागी गईं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए.

घटना के बाद पुलिस ने घायल दीपक को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया. लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल के बाहर का मंजर बेहद गमगीन था जहां परिवार की महिलाएं जमीन पर बैठकर रोती-बिलखती हुई इंसाफ की गुहार लगा रही थीं.

पुरानी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश

शुरुआती जांच में इस बेरहम हत्याकांड के पीछे की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है.घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए तुरंत 5 विशेष टीमों का गठन किया. पुलिस टीमों ने रातभर कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी. परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने इस घटना और इसके पीछे के षड्यंत्र में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम इस प्रकार .

प्रमोशन

नवीन उर्फ अभी

अभय उर्फ आकाश

मुगली उर्फ पवन

पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और उन्हें भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा।

ग्रेटर नोएडा की कानून व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

हाईटेक शहर ग्रेटर नोएडा में सरेराह सात से आठ बदमाशों द्वारा घेरकर एक युवक को 6 गोलियां मार देना, कानून व्यवस्था पर कई बड़े सवाल खड़े करता है. सवाल यह उठ रहा है कि क्या अब अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें खाकी का कोई खौफ नहीं रह गया है? दीपक नागर का परिवार अब प्रशासन से जल्द से जल्द सख्त से सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा है. पुलिस अब इस मामले में हर एंगल से जांच पड़ताल कर रही है ताकि उस मुख्य वजह का पूरी तरह खुलासा हो सके जिसके चलते दीपक नागर की जान ली गई.