Deepika Nagar case: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में दीपिका नागर की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. अब इस केस में एक चश्मदीद का बयान सामने आया है, जिसने पूरी घटना को एक नए एंगल से पेश किया है. पड़ोसी गुलजार चौधरी ने कैमरे पर दावा किया कि घटना की रात अचानक तेज आवाज सुनाई दी थी, जिसके बाद वह बाहर निकले और उन्होंने दीपिका को जमीन पर पड़ा हुआ देखा. इस घटना के बाद दीपिका के पति ऋतिक और परिवार के अन्य लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं. पुलिस ने इस मामले में पति और ससुर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
नीचे पड़ी मिली थी दीपिका
चश्मदीद गुलजार चौधरी के अनुसार वह अपने घर के अंदर थे, तभी उन्हें जोरदार आवाज सुनाई दी. बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि दीपिका नागर जमीन पर पड़ी हुई थीं. उन्होंने तुरंत उन्हें उठाने की कोशिश की. इसी दौरान दीपिका के पति ऋतिक भी ऊपर से भागते हुए नीचे आया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा. चश्मदीद का कहना है कि इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने मिलकर दीपिका को मनोज प्रधान की गाड़ी में डालकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की.
यह घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है. गुलजार चौधरी ने बताया कि दीपिका का चेहरा जमीन की तरफ था और वह लोहे के जाल के पास पड़ी हुई थीं. उन्होंने यह भी कहा कि सबसे पहले ऋतिक बाहर आया और उसके बाद उसके पिता (फादर-इन-लॉ) भी मौके पर पहुंचे.
अस्पताल ले जाने और गाड़ी की जानकारी
चश्मदीद के बयान के अनुसार दीपिका को पहले सैनी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उन्हें मना कर दिया गया. इसके बाद उन्हें शारदा हॉस्पिटल ले जाया गया. इस दौरान गाड़ी मनोज प्रधान की बताई जा रही है. चश्मदीद ने यह भी कहा कि पहले ऋतिक गाड़ी लेकर गया था और बाद में मनोज ने गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचाया.
उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय घर में कई लोग मौजूद थे और स्थिति बेहद अफरा-तफरी भरी थी. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने दीपिका का चेहरा पहले कभी ठीक से नहीं देखा था क्योंकि वह अक्सर घूंघट में रहती थीं. उनके अनुसार दीपिका के बारे में सोशल मीडिया से ही जानकारी मिली.
शादी, दहेज आरोप और पुलिस जांच के बीच बढ़ा विवाद
परिवार और ग्रामीणों के अनुसार दीपिका नागर की शादी करीब 14 महीने पहले ऋतिक के साथ धूमधाम से हुई थी, जिसमें एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की बात कही जा रही है. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद भी दहेज की मांग और प्रताड़ना जारी रही. इसी तनाव के चलते यह घटना हुई.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने पति ऋतिक और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है. वहीं ग्रामीणों और पड़ोसियों के बयान मामले को और उलझा रहे हैं, जिससे यह केस अब कई सवालों के घेरे में आ गया है.
यह भी पढ़ें: दीपिका नागर केस में बड़ा एक्शन, दहेज हत्या आरोप में पुलिस ने पति और ससुर को किया गिरफ्तार
ADVERTISEMENT









