प्राइवेट पार्ट्स से निकल रहा था खून... वाराणसी में बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिली 19 साल की लड़की की लाश, पास में मिली दवाइयां

वाराणसी के सारनाथ में 19 साल की नर्सिंग छात्रा की बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई. छात्रा खून से लथपथ मिली. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है. एक युवक से पूछताछ जारी है.

Varanasi Crime News

Varanasi Crime News

रोशन जायसवाल

• 02:14 PM • 11 Jun 2026

follow google news

Varanasi Crime News: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है. थाना परिसर के आवासीय क्वार्टर में रहने वाली एक 19 साल की नर्सिंग छात्रा की एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. अचेत अवस्था में मिली छात्रा के प्राइवेट पार्ट्स से खून बह रहा था. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के पीछे की वजह सामने आ पाएगी. 

यह भी पढ़ें...

बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिली बॉडी

यह घटना सारनाथ थाना क्षेत्र में स्थित एक बॉयज हॉस्टल की है. जानकारी के मुताबिक जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी की 19 साल की छात्रा सारनाथ थाना परिसर में बने सरकारी आवासीय परिसर में अपने परिवार के साथ रहती थी. बुधवार को वह बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर खून से लथपथ हालत में पाई गई. मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक छात्रा के प्राइवेट पार्ट्स से खून बह रहा था जिससे हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.

घर से टिफिन लेकर पहुंची थी हॉस्टल

इस संदिग्ध मौत के पीछे कई गहरे राज छिपे होने की आशंका है.  शुरुआती जांच में जो कड़ियां सामने आई हैं वे बेहद चौंकाने वाली हैं. बताया जा रहा है कि छात्रा अपने घर से बकायदा खाना बनाकर और उसे टिफिन में पैक करके इस बॉयज हॉस्टल में आई थी. कत्ल या हादसे की इस थ्योरी के बीच यह बात भी सामने आई है कि मौत से पहले वह करीब 2 घंटे तक उसी बॉयज हॉस्टल के भीतर मौजूद थी. वह हॉस्टल में किससे मिलने आई थी और उन दो घंटों के दौरान कमरे के भीतर क्या हुआ पुलिस अब इसकी बारीकी से जांच कर रही है.

शव के पास बरामद हुईं संदिग्ध दवाइयां

क्राइम सीन का मुआयना करने पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम को छात्रा के शव के पास से कुछ दवाइयां भी बरामद हुई हैं. इन दवाइयों का इस संदिग्ध मौत और निजी अंगों से बहते खून से क्या कनेक्शन है इसकी जांच के लिए दवाइयों को लैब भेजा गया है. प्रथम दृष्टया मामला गंभीर अपराध या किसी बड़ी साजिश की तरफ इशारा कर रहा है. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत का असली कारण साफ हो सके.

हाई-प्रोफाइल मामले की हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

एसीपी सारनाथ विदूष सक्सेना ने बताया कि 'डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में छात्रा के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए हैं. हालांकि मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है. पोस्टमार्टम पैनल की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी. परिजनों ने जिस युवक पर शक जताया है और जिसके साथ छात्रा की बातचीत होने की बात सामने आई है उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.'