वाराणसी, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में चल रही यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 के बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में परीक्षा देने जा रही दो छात्राएं रेलवे की व्यवस्थाओं से बेहद खुश नजर आ रही हैं और ट्रेन के भीतर से ही रेलवे प्रशासन का शुक्रिया अदा कर रही हैं.
ADVERTISEMENT
दरअसल, वाराणसी के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक 22 सेकंड का वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में बनारस से बलिया के बीच चलाई गई अनरिजर्व्ड अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेन के अंदर का नजारा है, जहां सफर कर रही दो महिला अभ्यर्थी रेलवे की इस खास पहल की जमकर तारीफ कर रही हैं.
छात्राओं ने कहा- समय पर ट्रेन
वीडियो में मुख्य रूप से बात कर रही छात्रा कैमरे की तरफ देखकर बताती है कि बनारस-बलिया स्पेशल ट्रेन उनके लिए एक बहुत बड़ी राहत बनकर आई है. परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों के लिए यह व्यवस्था बेहद मददगार और सुविधाजनक साबित हो रही है.
छात्रा ने आगे कहा कि ट्रेन अपने सही समय पर चल रही है, जिससे परीक्षा छूटने का डर खत्म हो गया है. साथ ही, स्पेशल ट्रेन होने की वजह से डिब्बों में आम दिनों जैसी भारी भीड़ भी नहीं है. रेलवे के इस शानदार इंतजाम से खुश होकर दोनों छात्राओं ने रेल प्रशासन को धन्यवाद कहा.
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे का बड़ा कदम
पूर्वांचल के जिलों में यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ रही है. 8 जून से 10 जून के बीच चलने वाली इस परीक्षा के दौरान छात्रों को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए भारतीय रेलवे ने बनारस-बलिया रूट सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई रास्तों पर 'परीक्षा स्पेशल ट्रेनें' चलाने का फैसला किया था.
ADVERTISEMENT










