Varanasi Shankaracharya Ashram Case: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विद्यामठ आश्रम में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राजू खान को गिरफ्तार किया है, जबकि चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है.
ADVERTISEMENT
वाराणसी में ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विद्यामठ आश्रम स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी राजू खान को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने हनुमान मंदिर से आभूषण चोरी किए थे. वहीं, इन आभूषणों को खरीदने वाले दो लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है.
यह घटना 24 अप्रैल की है. वाराणसी के भेलूपुर इलाके में शंकराचार्य घाट स्थित विद्यामठ आश्रम के हनुमान मंदिर से भगवान हनुमान जी के आभूषण चोरी हो गए थे. वारदात के बाद मंदिर प्रशासन ने इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन और पुलिस दोनों ही सतर्क हो गए.
जांच शुरू होने पर पुलिस ने मंदिर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जहां से पूरे मामले में अहम सुराग मिला. फुटेज में एक युवक संदिग्ध हालत में मंदिर परिसर में घूमता हुआ दिखाई दिया और बाद में वह आभूषण लेकर बाहर निकलता नजर आया. इसी सीसीटीवी के आधार पर पुलिस को बड़ा सुराग मिला और आरोपी की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस ने उसे लंका क्षेत्र के नरिया-साकेत नगर से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी का नाम राजू खान बताया जा रहा है. जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद आरोपी ने ये आभूषण आगे दो लोगों को बेच दिए थे. इसके बाद पुलिस ने उन दोनों खरीदारों ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने तीनों आरोपियों से चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. तीनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है. एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर इस पूरे मामले का खुलासा किया गया. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मंदिर जैसे सुरक्षित स्थान से चोरी कैसे हुई और चोरी का सामान इतनी आसानी से आगे कैसे बेचा गया.
ADVERTISEMENT










