Amethi News: समाजवादी पार्टी ने बढ़ती महंगाई, अघोषित बिजली कटौती, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और लगातार हो रही परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं के विरोध में शनिवार को गौरीगंज स्थित जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा. सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार से इन गंभीर जनहित के मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की.
ADVERTISEMENT
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश की जनता बढ़ती महंगाई से परेशान है. खाद्यान्न, फल-सब्जियां, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, बिजली तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है. लोगों को अपनी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती से आम जनता, किसान और व्यापारी वर्ग परेशान हैं, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है. इसके साथ ही भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लगातार लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. वर्षों की मेहनत के बाद भी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है.
ज्ञापन में मांग की गई कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के दामों में राहत दी जाए तथा जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए. साथ ही पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए मजबूत तंत्र विकसित करने तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को उचित अवसर प्रदान करने की भी मांग उठाई गई.
सपा नेता सिंधुजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है. रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, बिजली और खाद्य पदार्थों की कीमतों में हो रही वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं. सरकार को जनता को राहत देने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए.
सपा प्रवक्ता राजेश मिश्र ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है. लाखों अभ्यर्थी वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक माफियाओं के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है. सरकार को पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए ऐसी घटनाओं पर स्थायी रोक लगाने के लिए मजबूत और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करनी चाहिए. इस अवसर पर सपा नेता सिंधुजीत सिंह, सपा प्रवक्ता राजेश मिश्र सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT










