Chandauli News: ‘जांको राखे साइयां मार सके ना कोई’ ये कहावत एक बार फिर बिल्कुल सही साबित हुई. दरअसल तेज रफ्तार एक कार ट्रक में जा घुसी. इस दौरान कार के पीछे आ रहा डंपर भी कार से जा भिड़ा. हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का आगे का हिस्सा काफी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. वहां मौजूद लोगों ने जैसे ही हादसा होते हुए देखा, एक पल के लिए उन्हें भी उम्मीद नहीं थी कि इस हादसे में कार चालक बच गया होगा. मगर शायद कार चालक की किस्मत में अभी जिंदगी लिखी थी.
ADVERTISEMENT
दरअसल जब कार तेजी के साथ ट्रक से जा भिड़ी तो कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. इस दौरान कार के अंदर ड्राइवर फंस गया. इस दौरान एक डंपर ने भी कार में पीछे से टक्कर मार दी. गनीमत ये रही कि कार की पिछली सीट पर बैठे मां-बेटे इस हादसे में बच गए. मगर कार चालक घायल अवस्था में अपनी सीट पर ही बुरी तरह से फंस गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद कटर मशीन से कार के हिस्सों को काट-काट कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. कार चालक को सुरक्षित देख वहां खड़े हर किसी के मुंह से यही निकला ‘जांको राखे साइयां मार सके ना कोई’
यूं बच गई ड्राइवर की जिंदगी
दरअसल चंदौली से जो तस्वीर सामने आई है, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है. चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पड़ाव इलाके में पुलिस ने जिंदगी बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन किया. दरअसल एक कार जौनपुर से चंदौली की तरफ आ रही थी. पीछे की सीट पर एक महिला शिक्षिका और उसका बेटा भी मौजूद था. तभी पड़ाव इलाके में इस कार से आगे चल रहे हाइवा ट्रक के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए. जब तक कार चालक कुछ समझ पाता तब तक कार हाइवा ट्रक से जा भिड़ी..
अचानक ब्रेक लगने से कार के पीछे चल रहा डंपर भी कार के पिछले हिस्से से टकरा गया. इस हादसे में पिछली सीट पर बैठी महिला शिक्षिका और उनका बेटा तो बाल-बाल बच गए. मगर कार चालक बुरी तरह से कार में फंस गया.
पुलिस और ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
सड़क हादसे और कार में फंसे चालक की जानकारी पुलिस को मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने फौरन वहां मौजूद ग्रामीणों की सहायता लेते हुए ड्राइवर को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. कटर की मदद से कार के उन हिस्सों को काटा गया, जिसमें ड्राइवर का पैर फंसा था. इसके बाद ड्राइवर को सुरक्षित कार से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस ने ये बताया
इस पूरे मामले पर डिप्टी एसपी डीडीयू नगर अनिरुद्ध सिंह ने बताया, “एक कार बनारस से मुगलसराय की तरफ आ रही थी. ये कार ट्रक और डंपर के साथ हादसे का शिकार हो गई. हादसे की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली, पुलिस फौरन मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार में फंसे कार चालक को कटर मशीन से कार के हिस्सों को काटकर सुरक्षित बाहर निकाला. ड्राइवर के पैर में फ्रैक्चर है. तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.”
ADVERTISEMENT









