Sitapur Police Recruitment Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई. बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, परीक्षार्थियों की सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
ADVERTISEMENT
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद सीतापुर में परीक्षा के लिए कुल 8 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं. यह परीक्षा 08 जून, 09 जून एवं 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी. परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में सम्पन्न होगी. प्रथम पाली प्रातः 10.00 बजे से 12.00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03.00 बजे से 05.00 बजे तक आयोजित होगी.उन्होंने निर्देश दिए कि सभी केन्द्र व्यवस्थापक परीक्षा प्रारम्भ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें तथा परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें.
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद सीतापुर में आयोजित होने वाली यह महत्वपूर्ण परीक्षा पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराई जाएगी. परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन कर लिया जाए.
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की जाए. परीक्षा अवधि के दौरान केन्द्रों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए. उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा परीक्षा केन्द्रों तक अभ्यर्थियों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश भी दिए.
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास स्थित फोटो कॉपी, साइबर कैफे, स्कैनिंग एवं प्रिंटिंग से संबंधित प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जाए. परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केन्द्रों की निर्धारित परिधि में कोई भी फोटो कॉपी की दुकान खुली न रहे तथा इस संबंध में संबंधित अधिकारियों द्वारा पूर्व से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास को गंभीरता से लिया जाएगा.
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में आने वाले किसी भी परीक्षार्थी को खुले में रुकने अथवा सोने की आवश्यकता न पड़े. इसके लिए धर्मशालाओं, छात्रावासों, सामुदायिक भवनों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर आवश्यकतानुसार ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही परीक्षार्थियों को पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि जनपद में आने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए.
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि परीक्षा केन्द्रों पर प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था उपलब्ध रहे तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने हेतु एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल को तैयार रखा जाए. इसके अतिरिक्त विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा लोक निर्माण विभाग एवं नगर निकायों को साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा परीक्षा को पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं तथा प्रत्येक स्तर पर प्रभावी निगरानी बनाए रखी जाए. व्यवस्थापक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT










