Sitapur Protest: सीतापुर में आजाद अधिकार सेना का प्रदर्शन: शिक्षा-स्वास्थ्य पर बढ़े खर्च और शहीद चन्द्र भाल मिश्र की जन्मस्थली पर स्मारक निर्माण की मांग

Sitapur Protest: सीतापुर में अमिताभ ठाकुर के नेतृत्व वाली आजाद अधिकार सेना ने शिक्षा और स्वास्थ्य बजट में वृद्धि की मांग को लेकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा. शहीद चन्द्र भाल मिश्र की जन्मस्थली पर स्मारक निर्माण की भी उठाई मांग.

Newzo

• 03:26 PM • 20 Apr 2026

follow google news

Sitapur Protest: आजाद अधिकार सेना ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर के निर्देश पर सोमवार को जिला मुख्यालय पर जनजागरूकता कार्यक्रम एवं प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा ने किया. इस दौरान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा, जिसे जिलाधिकारी के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति को प्रेषित किया गया.

यह भी पढ़ें...

ज्ञापन में संगठन ने देश में शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों पर कम सरकारी खर्च को लेकर गंभीर चिंता जताई. बताया गया कि भारत में स्वास्थ्य सेवाओं पर सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का लगभग 1.8 प्रतिशत और शिक्षा पर करीब 2.7 प्रतिशत ही व्यय किया जा रहा है, जो कुल मिलाकर लगभग 4.5 प्रतिशत है. संगठन के अनुसार यह खर्च देश के समग्र विकास के लिए पर्याप्त नहीं है.

संगठन ने विकसित देशों से तुलना करते हुए कहा कि अमेरिका और इंग्लैंड जैसे देशों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर कहीं अधिक सरकारी व्यय किया जाता है, जिससे वहां की व्यवस्थाएं अधिक सुदृढ़ हैं. आजाद अधिकार सेना ने मांग की कि भारत में शिक्षा पर कम से कम 15 से 18 प्रतिशत तथा स्वास्थ्य पर 12 से 15 प्रतिशत तक खर्च सुनिश्चित किया जाए.

इसी क्रम में एक अन्य ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें अमर शहीद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चन्द्र भाल मिश्र की जन्मस्थली ग्राम मधवापुर (पोस्ट दारानगर, जनपद सीतापुर) में उनके नाम पर स्मारक स्तंभ या भव्य पार्क के निर्माण की मांग की गई. ज्ञापन में कहा गया कि उनके पैतृक गांव में आज तक कोई स्मारक न होने के कारण नई पीढ़ी उनके बलिदान से अनभिज्ञ होती जा रही है.

संगठन ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत की सरकारी भूमि पर कुछ दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है और प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा वहां से अवैध मार्ग निकाले जाने का प्रयास किया जा रहा है. संगठन ने मांग की कि इस पर तत्काल रोक लगाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए और वहीं शहीद के नाम पर स्मारक या पार्क का निर्माण किया जाए.

जिला अध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और शहीदों का सम्मान—ये तीनों राष्ट्र निर्माण के मूल आधार हैं और सरकार को इन विषयों पर प्राथमिकता से कार्य करना चाहिए.इस अवसर पर चन्द्र भान सक्सेना, प्रदीप कुमार माथुर, सुशील कुमार मिश्रा, राजकुमार श्रीवास्तव, आदित्य सिंह, विजय कुमार गुप्ता, लक्ष्मी कांत बाजपेई सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.