कौन हैं IAS मनीष बंसल जो अब अपनी ससुराल में आकर बनेंगे DM, इनके ट्रांसफर की खबर हो गई वायरल

आगरा के नए जिलाधिकारी मनीष बंसल की नियुक्ति चर्चा में है. IIT दिल्ली से शिक्षित 2014 बैच के IAS बंसल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के दामाद हैं. उनकी तेज कार्यशैली और आगरा से उनके खास जुड़ाव के बारे में विस्तार से पढ़िए.

IAS Manish Bansal

नितिन उपाध्याय

• 02:54 PM • 20 Apr 2026

follow google news

आगरा को नया जिलाधिकारी मिल गया है. मनीष कुमार बंसल को आगरा का नया डीएम नियुक्त किया गया है. वहीं, मौजूदा डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाकर नई जिम्मेदारी दी गई है. 2014 बैच के आईएएस अधिकारी मनीष बंसल को प्रशासन में उनकी तेज कार्यशैली और रिजल्ट-ओरिएंटेड अप्रोच के लिए जाना जाता है. ऐसा कहा जाता है कि सहारनपुर में उनकी तैनाती के दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर काम करते हुए जनसमस्याओं के समाधान, पारदर्शिता और नवाचार को प्राथमिकता दी. यही वजह रही कि उन्होंने कम समय में ही एक प्रभावी और भरोसेमंद अधिकारी की छवि बना ली. 

यह भी पढ़ें...

अब आगरा जैसे हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील जिले की कमान उनके हाथों में दी गई है. यहां पर्यटन, कानून-व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और विकास कार्यों का संतुलन बेहद अहम होता है. ऐसे में बंसल की कार्यशैली को यहां एक बड़े टेस्ट के तौर पर भी देखा जा रहा है. 

IIT दिल्ली से की है पढ़ाई

मनीष बंसल का शैक्षिक सफर भी उतना ही मजबूत है जितना उनका प्रशासनिक अनुभव. पंजाब के संगरूर से आने वाले बंसल ने IIT Delhi से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने यूपीएससी की कठिन परीक्षा पास कर आईएएस सेवा में जगह बनाई. 

IAS बंसल की पत्नी और ससुर कौन हैं?

IAS मनीष बंसल का पारिवारिक बैकग्राउंड भी प्रशासनिक रूप से सशक्त है. उनकी पत्नी मेधा रूपम वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी हैं, जबकि उनके ससुर ज्ञानेश कुमार देश के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं. 

प्रदेश सरकार के इस बड़े फेरबदल में 40 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, लेकिन आगरा की पोस्टिंग सबसे ज्यादा चर्चा में है और इसकी वजह हैं मनीष बंसल. वैसे कहा जा सकता है मनीष बंसल अपने ससुराल में आकर अब अपनी सेवाएं देंगे क्योंकि उनके ससुर ज्ञानेश कुमार जो मुख्य चुनाव आयुक्त हैं, उनका घर आगरा के विजय नगर कॉलोनी में ही है. 

अब निगाहें इस बात पर होंगी कि अपनी तेज कार्यशैली और नवाचारों के लिए पहचाने जाने वाले मनीष बंसल, ताजनगरी में प्रशासन और विकास को किस नई दिशा में ले जाते हैं.