Sitapur DM Inspection: सीतापुर में डीएम का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य केंद्र व स्कूल में लापरवाही उजागर, कार्रवाई के कड़े निर्देश

Sitapur DM Inspection News: सीतापुर के जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने महोली के उरदौली में आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान लापरवाही मिलने पर एएनएम के खिलाफ कार्रवाई और आशा व सहायिका को नोटिस जारी करने के कड़े निर्देश दिए गए.

Sitapur News

Newzo

• 01:32 PM • 06 May 2026

follow google news

सीतापुर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने आज आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्र उरदौली का निरीक्षण किया तथा विकास खंड महोली में व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्री से बातचीत कर वजन मशीन सहित अन्य उपकरणों की जानकारी ली और उनका परीक्षण भी किया.

यह भी पढ़ें...

जिलाधिकारी ने एचआरपी रजिस्टर की जांच की, जो पिछले चार महीनों से अद्यतन नहीं पाया गया. इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने एएनएम मधु के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए. साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्री के एचआरपी रजिस्टर में ड्यू लिस्ट की जांच के दौरान त्रुटियां मिलने पर उन्हें सुधारने के निर्देश भी दिए. उन्होंने एक गर्भवती महिला से फोन पर बात कर उसे दिए गए उपचार का फीडबैक लिया. आंगनबाड़ी सहायिका मनोरमा और आशा कार्यकत्री किरण द्वारा कार्यों में लापरवाही और रुचि न लेने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए. सीएचओ प्रज्ञा त्रिवेदी से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी और बीपी रजिस्टर का निरीक्षण किया तथा जनसंख्या संबंधी जानकारी भी ली.

इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय उरदौली प्रथम (विकास खंड महोली) का औचक निरीक्षण किया. यहां उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और रसोईघर में जाकर भोजन की गुणवत्ता परखी. रसोइये को निर्देश दिए कि बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन दिया जाए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए. कक्षा 1 के एक छात्र से बातचीत कर उन्होंने उससे पुस्तक भी पढ़वाई. साथ ही साप्ताहिक आकलन ट्रैकर रजिस्टर और निपुण तालिका रजिस्टर का भी अवलोकन किया. इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनूप श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.