Raebareli Crime News: रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई. पति से विवाद के बाद 35 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर रेलवे ट्रैक पर आ रही पद्मावत एक्सप्रेस के सामने कूदकर अपनी जान दे दी. सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, खीरो निवासी शांति देवी (35) करीब आठ दिन पहले अपने मायके प्यारेपुर आई थीं. मंगलवार को उनके पति श्री देव उन्हें वापस घर ले जाने पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. परिजनों के अनुसार, विवाद के बाद बुधवार सुबह शांति देवी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचीं और सामने से आ रही पद्मावत एक्सप्रेस के आगे कूद गईं.
हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पिता रामबरन और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. शांति देवी अपने पीछे तीन बच्चे—प्रांसी (12), दिव्यांशी (10) और सूर्या (8)—को छोड़ गई हैं. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है.
सूचना पर स्थानीय पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची. शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामला रेलवे क्षेत्र से संबंधित होने के कारण आगे की कानूनी कार्रवाई जीआरपी द्वारा की जा रही है.
ADVERTISEMENT











