Raebareli Flood Alert: दो दिनों की राहत के बाद गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है. जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि और नदी के तेज बहाव को देखते हुए डलमऊ कटरी क्षेत्र के तटीय एवं निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. गंगा के बढ़ते पानी से कटरी क्षेत्र के कई हिस्से दोबारा जलमग्न हो गए हैं.
ADVERTISEMENT
खतरे के निशान के करीब पहुंचा जलस्तर
केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार दोपहर तीन बजे डलमऊ में गंगा का जलस्तर 96.960 मीटर दर्ज किया गया. हालांकि, नदी अभी खतरे के निशान 98.360 मीटर से नीचे बह रही है, लेकिन जलस्तर बढ़ने की रफ्तार को देखते हुए अगले 48 घंटे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. आशंका जताई जा रही है कि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो गंगा खतरे के निशान तक पहुंच सकती है.
दोबारा जलमग्न हुआ कटरी क्षेत्र
गंगा के फिर उफान पर आने से डलमऊ का कटरी इलाका एक बार फिर पानी की चपेट में आ गया है. करीब दो सप्ताह पहले आई बाढ़ में किसानों की सब्जियों समेत कई फसलें पानी में डूबकर नष्ट हो गई थीं. अब दोबारा जलस्तर बढ़ने से किसानों की बची हुई फसलों पर भी संकट मंडराने लगा है. लगातार बाढ़ की स्थिति से किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है.
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है. अधिकारियों ने तटीय और बाढ़ प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं. राजस्व कर्मियों को भी क्षेत्र में तैनात कर स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है. प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सतर्क रहने की अपील की जा रही है.
ADVERTISEMENT











