Raebareli School Closed: जिले में मंगलवार भोर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने एक ओर जहां भीषण गर्मी और उमस से झुलस रहे लोगों को बड़ी राहत दी है, वहीं दूसरी ओर सूखे की मार झेल रहे किसानों के चेहरों पर भी खुशहाली ला दी है. तड़के करीब 4 बजे से शुरू हुआ झमाझम बारिश का दौर सुबह 9 बजे तक अनवरत जारी रहा. फिलहाल, आसमान में काले बादलों का डेरा जमा हुआ है और हल्की रिमझिम फुहारें पड़ रही हैं.
ADVERTISEMENT
बारिश के चलते शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मौसम सुहाना हो गया है. हालांकि, भारी बारिश के अलर्ट और जलभराव की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है. डीएम के निर्देश पर जिले के कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय व निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है.
धान की फसलों को मिला संजीवनी पानी
पिछले कई दिनों से कड़क धूप और उमस के कारण धान के खेतों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई थीं, जिससे किसान अपनी फसल को लेकर बेहद चिंतित थे. मंगलवार सुबह हुई इस मानसूनी बारिश से खेतों में पानी भर गया है, जो धान की फसल के लिए संजीवनी साबित हो रहा है. किसानों का कहना है कि अगर समय पर बारिश न होती तो फसलें बर्बाद हो जातीं, लेकिन अब पैदावार अच्छी होने की उम्मीद जग गई है.
ADVERTISEMENT











