Raebareli Jagmohneshwar Temple News: सावन के पहले सोमवार पर समूचा रायबरेली जिला भोलेबाबा के रंग में पूरी तरह रंग चुका है. चारों तरफ बस एक ही गूंज है—‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’.क्या बूढ़े, क्या बच्चे और क्या जवान, हर कोई शिवभक्ति के खुमार में पूरी तरह डूबा हुआ नजर आ रहा है. कंधों पर सजी खूबसूरत कांवड़ और दिल में उमड़ता आस्था का अगाध समंदर, इस पावन सोमवार को रायबरेली की सड़कों पर नजारा वाकई अलौकिक और विहंगम दिखा.
ADVERTISEMENT
रात के अंधेरे में गूंजा ‘बोल बम’, भोर होते ही लगीं लंबी-लंबी कतारें
आस्था का आलम यह रहा कि रविवार की देर रात से ही भक्तों की टोली शिवालयों की ओर बढ़ने लगी थी. सन्नाटे को चीरते हुए गूंजते ‘बोल बम’ के उद्घोष पूरी रात शहर की फिजाओं में भक्ति का रस घोलते रहे. जैसे ही भोर की पहली किरण फूटी, मंदिरों के बाहर भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की किलोमीटर लंबी लाइनें लग गईं.
जगमोहनेश्वर मंदिर में आस्था का सैलाब, पहलवान वीर बाबा में भी भारी भीड़
शहर के प्रसिद्ध जगमोहनेश्वर मंदिर में तो सावन के पहले ही सोमवार पर तड़के से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. बाबा के दर्शन पाने और पुण्य कमाने की होड़ में भक्त अपनी बारी का सब्र से इंतजार करते दिखे. बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही, शहद, तिल और भांग चढ़ाकर भक्तों ने औघड़दानी को प्रसन्न किया। मंदिर परिसर के बाहर सजी फूल-मालाओं और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी खरीदारी के लिए पैर रखने तक की जगह नहीं बची.
उधर, डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित सुप्रसिद्ध पहलवान वीर बाबा मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का भारी तांता लगा रहा. जयकारों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में माथा टेका और जलाभिषेक कर मनौती मांगी.
सुरक्षा के कड़े पहरे में भोले की भक्ति
मंदिरों में उमड़ती भारी भीड़ और कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। प्रमुख शिवालयों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि भक्तों को जलाभिषेक में किसी तरह की असुविधा न हो. पुलिस-प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच पूरा शहर शिवमय होकर झूम रहा है.
ADVERTISEMENT











